Long Covid: अमेरिका में लॉन्ग कोविड से हुई मौतों की पुष्टि, इस बीच कोरोना की आई नई लहर
Long Covid: लॉन्ग कोविड के कारण भी अमेरिका में मौतें होने की पुष्टि हुई है। अमेरिका के सेंटर्स फॉर डिजीज कंट्रोल एंड प्रिवेंशन (सीडीसी) की तरफ से इस बुधवार को जारी की गई एक अध्ययन रिपोर्ट के मुताबिक कोरोना महामारी आने के बाद पहले ढाई साल में 3,544 लोगों की जान लॉन्ग कोविड की वजह से गई...
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
अमेरिका को लॉन्ग कोविड के मामलों से अभी निजात नहीं मिली है, इसी बीच कोरोना संक्रमण की नई लहर यहां आ गई है। देश में कोरोना संक्रमण के मामलों में तेजी से हो रही बढ़ोतरी के कारण एक बार फिर से कोविड-19 संबंधी नियम लागू कर दिए गए हैं। गुरुवार को व्हाइट हाउस ने ऐसे कई नियमों का एलान किया। इसके तहत सरकार ने हर परिवार को कोरोना वायरस जांच के चार किट मुफ्त उपलब्ध कराए जाएंगे, टीकाकरण अभियान तेज किया जाएगा, मास्क, ग्लव्स, गाउन आदि की सप्लाई तेजी की जाएगी, और अस्पतालों को इलाज के लिए जरूरी सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी।
व्हाइट हाउस ने कोविड-19 संबंधी सहायता जारी रखने के लिए कांग्रेस (संसद) से और अधिक धन मंजूर करने की गुजारिश की है। जो बाइडन प्रशासन के एक अधिकारी ने कहा कि फिलहाल 2021 की राहत योजना के बजट से सुविधाएं मुहैया कराई जा रही हैं, लेकिन आगे ऐसा तभी हो पाएगा, जब संसद नया बजट मंजूर करेगी।
हाल के हफ्तों में अमेरिका में कोरोना संक्रमण के मामलों में 90 फीसदी तक की वृद्धि हुई है। सात दिसंबर को खत्म हुए सप्ताह में नए संक्रमण के चार लाख 59 हजार से अधिक मामले सामने आए। विशेषज्ञों ने कहा है कि सर्दियां बढ़ने के साथ संक्रमण की नई लहर आई है, लेकिन संभव है कि जल्द ही यह काबू में आ जाए।
इस बीच लॉन्ग कोविड के कारण भी अमेरिका में मौतें होने की पुष्टि हुई है। अमेरिका के सेंटर्स फॉर डिजीज कंट्रोल एंड प्रिवेंशन (सीडीसी) की तरफ से इस बुधवार को जारी की गई एक अध्ययन रिपोर्ट के मुताबिक कोरोना महामारी आने के बाद पहले ढाई साल में 3,544 लोगों की जान लॉन्ग कोविड की वजह से गई। कोरोना संक्रमण से उबरने के बाद भी उसके कई लक्षणों से पीड़ित रहने वाले व्यक्तियों को लॉन्ग कोविड का मरीज माना जाता है।
सीडीसी की रिपोर्ट के मुताबिक अमेरिका में कोविड-19 के कारण दस लाख से ज्यादा लोगों की मौत हुई है। लॉन्ग कोविड से मरे लोगों की संख्या उसका 0.3 फीसदी बैठती है। सीडीसी से जुड़ी स्वास्थ्य वैज्ञानिक फरीदा अहमद ने अखबार वॉशिंगटन पोस्ट से बातचीत में कहा- नई रिपोर्ट यह बताती है कि लॉन्ग कोविड का संबंध लंबे समय तक बीमार रहने से है और ये बीमारी मृत्यु का कारण भी बन सकती है।
माउंट सिनाई हेल्थ सिस्टम से जुड़े विशेषज्ञ डेविड पुट्रिनो ने टीवी चैनल सीएनएन से कहा कि ये अध्ययन एक अच्छी शुरुआत है। उन्होंने कहा- ‘यह उन लोगों के बारे में सूचना है, जो गंभीर रूप से बीमार हुए और जिन्हें अंग क्षतिग्रस्त होने के कारण अस्पताल जाना पड़ा। लेकिन इसमें लॉन्ग कोविड के वैसे मरीजों को शामिल नहीं किया गया है, जो जारी लक्षणों के साथ रोजमर्रा के कामकाज कर रहे हैं।’
पुट्रिनो ने कहा- ‘हम रोज ही ऐसी खबरें पढ़ते हैं, जिनमें उन लोगों के बारे में बताया जाता है, जो पहले बिल्कुल स्वस्थ थे, लेकिन जब वे कोविड का शिकार हुए, उसके बाद उन्हें दिल का दौरा पड़ने, पक्षाघात होने या फेफड़े की बीमारी जैसी समस्या हो गई। आत्म हत्या की ऐसी घटनाएं भी हुई हैं, जिनका संबंध लॉन्ग कोविड से माना गया है।’