{"_id":"66b4057b91413dc11100da84","slug":"bangladesh-interim-govt-swearing-in-updates-mohammad-yunus-khaleda-zia-news-in-hindi-2024-08-08","type":"story","status":"publish","title_hn":"Bangladesh Interim Govt: मोहम्मद यूनुस का शपथ ग्रहण आज, अंतरिम सरकार की सलाहकार परिषद में हो सकते हैं 15 सदस्य","category":{"title":"World","title_hn":"दुनिया","slug":"world"}}
Bangladesh Interim Govt: मोहम्मद यूनुस का शपथ ग्रहण आज, अंतरिम सरकार की सलाहकार परिषद में हो सकते हैं 15 सदस्य
Thu, 08 Aug 2024 05:11 AM IST
दीपक कुमार शर्मा
एजेंसी, ढाका/नई दिल्ली
एजेंसी, ढाका/नई दिल्ली
Published by: दीपक कुमार शर्मा
Updated Thu, 08 Aug 2024 05:11 AM IST
सार
यूनुस ने छात्रों को बधाई देते हुए कहा, इस नई जीत का बेहतरीन उपयोग करें। अपनी गलतियों से जीत को हाथ से न फिसलने दें। जनरल जमां ने कहा, मुझे पूरा भरोसा है कि यूनुस हमें लोकतंत्र की राह पर वापस ले आएंगे, इससे सभी को लाभ होगा।
विज्ञापन
मोहम्मद यूनुस
- फोटो : amarujala.com
विस्तार
बांग्लादेश में मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व में अंतरिम सरकार बृहस्पतिवार की रात शपथ लेगी। देश के सेना प्रमुख जनरल वकार उज जमां ने कहा कि प्रो. यूनुस बृहस्पतिवार को ही पेरिस से ढाका लौट रहे हैं। वहीं, यूनुस ने लोगों से शांति बनाए रखने और हिंसा से दूर रहने की अपील की है। उन्होंने कहा, यदि हम हिंसा का रास्ता चुनेंगे, तो सब कुछ नष्ट हो जाएगा। शांत रहें और देश के पुनर्निर्माण के लिए तैयार रहें।
विज्ञापन
यूनुस ने छात्रों को बधाई देते हुए कहा, इस नई जीत का बेहतरीन उपयोग करें। अपनी गलतियों से जीत को हाथ से न फिसलने दें। जनरल जमां ने कहा, मुझे पूरा भरोसा है कि यूनुस हमें लोकतंत्र की राह पर वापस ले आएंगे, इससे सभी को लाभ होगा। सेना का यूनुस को पूरा समर्थन है। जनरल जमां ने कहा, अंतरिम सरकार की सलाहकार परिषद में 15 सदस्य हो सकते हैं। सेना प्रमुख ने तीन से चार दिन में स्थिति सामान्य होने की उम्मीद जताई। कहा, हालात में तेजी से सुधार हुए हैं। जो भी लोग अपराध में शामिल रहे हैं, उन्हें बख्शा नहीं जाएगा। उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई होगी। उन्होंने दावा भी किया, उन्हें देश की नौसेना व वायुसेना के प्रमुख का साथ हासिल है।
विज्ञापन
असंभव को संभव बनाने के लिए लोगों का शुक्रिया : खालिदा
नजरबंदी से रिहा की गईं बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी की प्रमुख बेगम खालिदा जिया ने बुधवार को ढाका में पार्टी की विशाल रैली की। उन्होंने असंभव को संभव बनाने के लिए छात्रों व जनता का धन्यवाद दिया। जिया ने कहा, गुस्सा या बदला नहीं, बल्कि प्यार व शांति से देश का पुनर्निर्माण होगा। युवा सपनों को पूरा करने के लिए लोकतांत्रिक बांग्लादेश बनाने की जरूरत है, जिसके लिए उन्होंने अपना खून बहाया है।
विज्ञापन
भारतीय उच्चायोग के कर्मी लौटे, कामकाज जारी
ढाका के भारतीय उच्चायोग के गैर-जरूरी कर्मचारी और उनके परिवार के सदस्य स्वेच्छा से वाणिज्यिक उड़ानों से भारत लौट आए। हालांकि, भारतीय मिशन में सभी राजनयिक ढाका से काम कर रहे हैं। वहां भारत के चार सहायक उच्चायोग भी हैं। एअर इंडिया व इंडिगो ने बुधवार को विशेष विमान चलाए और ढाका में फंसे 400 से अधिक लोगों को भारत लेकर आए।