WEF: अश्विनी वैष्णव बोले- दुनिया को भारत पर भरोसा, सेमीकंडक्टर पर कई देशों ने किए करार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विश्व आर्थिक फोरम (डब्ल्यूईएफ) के ‘बैटल ऑफ चिप’ सत्र में केंद्रीय आईटी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि भारत की विदेश और आर्थिक नीति बहुत स्पष्ट है। इस सत्र में उनसे पश्चिमी देशों ने चीन और भारत के बीच सही चयन पर सवाल किया था।
उन्होंने कहा कि आज दुनिया भारत पर बहुत भरोसा की नजर से देख रही है। दुनियाभर के निवेशकों के लिए भारत सुरक्षित स्थान है। इसका सीधा उदाहरण है हमने अमेरिका, यूरोप और जापान से हुए समझौते। वैष्णव ने कहा कि सेमीकंडक्टर को लेकर हमने दक्षिण कोरियाई कंपनियों के साथ करार किए। इन समझौतों से साफ है कि सेमीकंडक्टर में काम करने वाले देश और उनकी दिग्गज कंपनियां भारत के साथ काम करने की इच्छुक हैं। भारत ने सेमीकंडक्टर चिप बनाने का फैसला किया है। आने वाले दस वर्षों में इस क्षेत्र में बड़े परिवर्तन होने की संभावनाएं हैं। हमारी समझ से हर किसी के लिए पर्याप्त विकल्प होंगे। सबसे जरूरी है कि हम इसे कितना महत्व देते हैं, कितनी प्रतिभा लगाते हैं और कितना ध्यान केंद्रित करते हैं।
जलवायु खतरों पर कार्रवाई करें : गुटेरस
संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरस ने विश्व नेताओं से जलवायु खतरों पर तत्काल कार्रवाई करने और नवीकरणीय ऊर्जा में उचित और न्यायसंगत परिवर्तन सुनिश्चित करने की अपील की।
विनिर्माण क्षेत्र विकास की अगली लहर के लिए तैयार
वैष्णव ने कहा कि विनिर्माण क्षेत्र विकास की अगली लहर के लिए तैयार है और इसमें विश्वास व लचीलापन दो प्रमुख कारक होंगे। वैष्णव ने कहा कि सरकार और निजी क्षेत्र को प्रतिभा के मोर्चे पर निकट सहयोग करने और सही कौशल सेट बनाने के सक्रिय तरीके पर विचार करने की आवश्यकता होगी। व्यापार और उद्योग में बदलाव और समाज को प्रभावित करने वाले विनिर्माण दिग्गजों की संभावनाओं पर वैष्णव ने कहा कि इनके कई पहलू हैं लेकिन विश्वास और लचीलापन सबसे प्रमुख कारक होंगे।
100 अरब डाॅलर प्रत्यक्ष विदेशी निवेश पर नजर
सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि भारत अगले कुछ सालों में वार्षिक प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) में 100 अरब डॉलर का लक्ष्य रख रहा है। उन्होंने कहा कि हम अगले पूरे दशक में 6-8 फीसदी लगातार विकास दर देख रहे हैं और यह एक बहुत ही स्पष्ट रूप से सोची-समझी रणनीति पर आधारित है।
भारत समेत 20 देशों के मंत्री स्वच्छ ऊर्जा पर सहमत भारत समेत 20 देशों के मंत्रियों और सीईओ ग्लोबल साउथ के स्वच्छ ऊर्जा परिवर्तन के लिए आवश्यक अनुमानित 2.2-2.8 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर के इस्तेमाल के लिए विश्व आर्थिक मंच गठबंधन में शामिल हुए। गठबंधन ने कहा कि स्वच्छ ऊर्जा के लिए वह प्रतिबद्ध हैं।
बहुमत से लौटेंगे पीएम मोदी : स्मृति
केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा कि पूरी दुनिया इस बात पर आश्वस्त है कि पीएम नरेंद्र मोदी लोकसभा चुनावों में प्रचंड बहुमत के साथ लौट रहे हैं। उन्होंने कहा, वैश्विक निवेशकों को उम्मीद है कि मोदी भारत में नीतिगत क्षेत्र के सुधारों को जारी रखेंगे। डब्ल्यूईएफ की वार्षिक बैठक में भारतीय प्रतिनिधि मंडल का नेतृत्व कर रहीं ईरानी ने कहा, वैश्विक वित्तीय नेतृत्व पीएम का दावोस में 2018 के बाद फिर से स्वागत करने को उत्सुक है।
महाराष्ट्र सरकार का 1.4 लाख करोड़ का एमओयू
महाराष्ट्र सरकार ने विश्व आर्थिक मंच की वार्षिक बैठक के इतर कुल 1.4 लाख करोड़ रुपये के एमओयू पर हस्ताक्षर किए हैं। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कारोबारियों से मुलाकात भी की। उन्होंने श्नाइडर इलेक्ट्रिक, लुईस ड्रेफस, बर्कशायर हैथवे और ग्रीनको एनर्जी के साथ भी एमओयू पर हस्ताक्षर किए।
कर्नाटक ने 7 कंपनियों के साथ किए 22,000 करोड़ के एमओयू
कर्नाटक सरकार ने डब्ल्यूईएफ में 7 कंपनियों के साथ 22,000 करोड़ के निवेश प्रस्तावों के एमओयू पर हस्ताक्षर किए हैं। सबसे बड़ा 20,000 करोड़ का निवेश प्रस्ताव वेब वर्क्स ने दिया है। यह राज्य में एक डाटा सेंटर पार्क बनाएगी।