Laos: रक्षा मंत्री ने अमेरिका सहित तीन देशों के समकक्षों से की मुलाकात, सहयोग बढ़ाने पर चर्चा
Laos: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लाओस में आयोजित 11वें आसियान रक्षा मंत्रियों की बैठक के दौरान अपने दक्षिण कोरियाई समकक्ष किम योंग ह्यून, अमेरिकी समकक्ष लॉयड जे. ऑस्टिन-तृतीय और न्यूजीलैंड की समकक्ष जूडिथ कॉलिन्स से मुलाकात की।
विस्तार
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लाओस में आयोजित 11वें आसियान रक्षा मंत्रियों की बैठक के दौरान अपने दक्षिण कोरियाई समकक्ष किम योंग ह्यून, अमेरिकी समकक्ष लॉयड जे. ऑस्टिन-तृतीय और न्यूजीलैंड की समकक्ष जूडिथ कॉलिन्स से मुलाकात की।
इस बैठक के दौरान रक्षा मंत्री सिंह ने दक्षिण कोरियाई समकक्ष के साथ रक्षा सहयोग को मजबूत करने पर चर्चा की। इसके बाद उन्होंने अमेरिकी रक्षा मंत्री के साथ भी बैठक की, जिसमें दोनों देशों के बीच रक्षा क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर विचार-विमर्श हुआ। इसके अलावा बैठक में राजनाथ सिंह ने न्यूजीलैंड की रक्षा मंत्री कॉलिन्स के साथ भी रक्षा सहयोग को मजबूत करने पर चर्चा की। दोनों नेताओं ने रक्षा संबंधों को और बेहतर बनाने पर चर्चा की।
रक्षा संबंधों को बढ़ाने में अमेरिकी रक्षा मंत्री ऑस्टिन के योगदान को सराहा
राजनाथ सिंह यहां अमेरिकी रक्षा मंत्री लॉयड ऑस्टिन से भी मिले और इस मुलाकात के दौरान क्वाड के तहत हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति लाने की नई पहल लागू करने पर जोर दिया गया। अमेरिका में डोनाल्ड ट्रंप के सत्ता संभालने से पहले बतौर रक्षा मंत्री ऑस्टिन के साथ संभवत: इस आखिरी मुलाकात में उन्होंने दोनों देशों की रक्षा साझेदारी बढ़ाने में उनके योगदान को सराहनीय बताया। राजनाथ की दक्षिण कोरिया और न्यूजीलैंड के अपने समकक्षों के साथ भी मुलाकात हुई।
इसके बाद रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने 11वीं आसियान रक्षा मंत्रियों की बैठक-प्लस (ADMM प्लस) में आसियान अध्यक्ष लाओ पीडीआर द्वारा आयोजित रात्रिभोज में भाग लिया।