Egypt: अचानक बंद हुआ अरबी भाषा का समाचार चैनल, ट्रंप प्रशासन और मस्क पर लगाया फंडिंग रोकने का आरोप
Egypt: अमेरिका द्वारा वित्त पोषित अरबी भाषा का चैनल अचानक बंद हो गया और सभी कर्मचारियों को नौकरी से निकाल दिया गया। चैनल ने ट्रंप प्रशासन और एलन मस्क पर फंडिंग रोकने का आरोप लगाया।
विस्तार
पश्चिम एशिया और उत्तरी अफ्रीका में करीब तीन करोड़ दर्शकों तक पहुंच रखने वाला एक अरबी भाषा का समाचार चैनल और ऑनलाइन आउटलेट शनिवार को अचानक बंद हो गया और इसके कर्मचारियों को नौकरी से निकाल दिया गया। चैनल ने अमेरिका के डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन और अरबपति कारोबारी एलन मस्क पर वित्त पोषण (फंडिंग) में गैर-जिम्मेदाराना और गैरकानूनी तरीके से कटौती करने का आरोप लगाया।
'अल-हुर्रा न्यूज' के कर्मचारियों को उनकी बर्खास्तगी के बारे में नोटिस भेजे गए। जिसमें चैनल के प्रमुख जेफरी गेडमिन ने कहा कि उन्होंने अब यह उम्मीद छोड़ दी है कि कांग्रेस (अमेरिकी संसद) द्वारा स्वीकृत धनराशि पर ट्रंप प्रशासन की रोक जल्द हटेगी।
ये भी पढ़ें: सख्ती: अब अमेरिका में 30 दिन से अधिक रुकने पर पंजीकरण अनिवार्य, नियम टूटने पर जुर्माना-जेल-प्रत्यर्पण जैसे दंड
गेडमिन ने अल-हुर्रा, वॉयस ऑफ अमेरिका और विदेश में अन्य अमेरिकी वित्त पोषित समाचार कार्यक्रमों की देखरेख करने वाली अमेरिकी सरकारी एजेंसी में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा नियुक्त कैरी लेक पर आरोप लगाया कि उन्होंने फंडिंग में कटौती के बारे में बात करने के उनके प्रयासों को लगातार नजरअंदाज किया।
बर्खास्तगी पत्र में गेडमिन ने लिखा, मुझे अब यही लगता है कि वह (कैरी लेक) जानबूझकर हमें उस फंड से वंचित कर रही हैं, जिससे हम आप जैसे मेहनती और समर्पित कर्मचारियों को वेतन दे सकें। यह पत्र एसोसिएटेड प्रेस को प्राप्त हुआ और अल-हु्र्रा की मूल कंपनी मिडिल ईस्ट ब्रॉडकास्टिंग नेटवर्क की वेबसाइट पर भी साझा किया गया।
दुबई स्थित 'अल-हुर्रा' न्यूज वेबसाइट में कार्यरत मिस्र के पत्रकार मोहम्मद अल-सबाघ ने 'एसोसिएटेड प्रेस' को बताया कि चैनल और वेबसाइट के सभी कर्मचारियों को ईमेल के जरिए अनुबंध समाप्त होने की सूचना दी गई है।
ये भी पढ़ें: सूडान: शिविरों में भुखमरी का सामना कर रहे लोगों पर हमला, दो दिन में करीब 100 लोगों की मौत; UN अधिकारी का दावा
'अल-हुर्रा' उन कई अमेरिकी सरकार द्वारा वित्तपोषित न्यूज़ संस्थानों में शामिल है, जिन्हें हाल ही में फंडिंग में कटौती का सामना करना पड़ा है। इसमें 'वॉयस ऑफ अमेरिका', 'रेडियो फ्री यूरोप/लिबर्टी', 'रेडियो फ्री एशिया' जैसे नाम शामिल हैं। इन संस्थानों का कहना है कि ट्रंप प्रशासन और एलन मस्क के सरकारी दक्षता विभाग ने बजट रोक दिया है।
संबंधित वीडियो-
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.
