तालिबान का दावा: काबुल एयरपोर्ट पर अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए तैयार, पढ़ें दुनिया की अन्य महत्वपूर्ण खबरें
तालिबान सरकार के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अब्दुल कहर बल्खी ने कहा कि काबुल एयरपोर्ट की सभी समस्याओं का समाधान कर दिया गया है। उन सभी एयरलाइनों और देशों से अपेक्षा करता है जो पहले काबुल के लिए उड़ानें संचालित करते थे वे पहले की तरह फिर से उड़ान शुरू करें।
विस्तार
तालिबान ने रविवार को कहा कि काबुल एयरपोर्ट घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए पूरी तरह से तैयार हो गया है। स्पुतनिक की रिपोर्ट के मुताबिक तालिबान सरकार के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अब्दुल कहर बल्खी ने कहा कि काबुल एयरपोर्ट की सभी समस्याओं का समाधान कर दिया गया है।
उन सभी एयरलाइनों और देशों से अपेक्षा करता है जो पहले काबुल के लिए उड़ानें संचालित करते थे वे पहले की तरह फिर से उड़ान शुरू करें। तालिबान सभी एयरलाइनों को पूर्ण सहयोग का आश्वासन देता है। एयपोर्ट एक सितंबर से बंद था। आइए जानते हैं ऐसी ही और महत्वपूर्ण खबरें...
‘सुधार से पुनरुत्थान’ पर केंद्रित होगा इंडिया आइडियाज समिट 2021
इंडिया आइडियाज समिट 2021 के आयोजकों का कहना है कि शिखर सम्मेलन महामारी के बाद वैश्विक अर्थव्यवस्था में सुधार के जरिए पुनरुत्थान पर केंद्रित होगा और इसमें अमेरिका और भारत से कई बड़े नेता शामिल होंगे। यूएसआईबीसी अध्यक्ष निशा देसाई बिस्वाल ने रविवार को बताया, शिखर सम्मेलन में वैश्विक आर्थिक सुधार, उभरते स्वास्थ्य मुद्दों और प्रौद्योगिकी रुझानों के महत्व पर चर्चा होगी।
यूएस इंडिया बिजनेस काउंसिल (यूएसआईबीसी) की ओर से आयोजित दो दिवसीय सम्मेलन के शीर्ष वक्ताओं में केंद्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव, केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल, इलेक्ट्रॉनिक एवं सूचना प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री राजीव चंद्रशेखर और जलवायु संबंधी मामलों के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति के विशेष दूत जॉन केरी शामिल हैं। सम्मेलन छह और सात अक्तूबर को आयोजित किया जाएगा।
दक्षिणी फिलीपीन में जेल से भागने पर चार कैदियों की मौत
दक्षिणी फिलीपीन्स के सुरीगाओ डेल सुर प्रांत की एक जेल से भागने की कोशिश कर रहे चार कैदियों की गोली लगने से मौत हो गई। ब्यूरो ऑफ जेल मैनेजमेंट एंड पेनोलॉजी ने बताया कि यह घटना रविवार सुबह सात बजे (स्थानीय समयानुसार) से कम से कम 11 कैदियों ने रसोई घर में नाश्ता तैयार कर रहे एक जेल कर्मचारी को बंधक बना लिया।
कैदियों ने उनके हथियार भी छीन लिए और और अन्य कैदियों पर गोलियां बरसाने लगे। इस दौरान एक कैदी ने जेल के सुरक्षाकर्मी को चाकू घोंप दिया। इसी दौरान गोली लगने चारों कैदियों की मौत हो गई। फिलहाल घटना की जांच की जा रही है।
स्विटजरलैंड में ‘समलैंगिक विवाह’ पर आधी से ज्यादा आबादी ने जताई सहमति
स्विटजरलैंड में समलैंगिक विवाह पर देश की आधी से ज्यादा आबादी ने सहमति जताई है। यहां इस मुद्दे पर लोगों की राय जानने के लिए रविवार को हुए एक जनमत संग्रह हुआ था। सार्वजनिक प्रसारकों के लिए जीएफएस.बर्न मतदान एजेंसी द्वारा लगाए अनुमान के अनुसार मतदाताओं ने इस कदम को स्पष्ट अंतर से मंजूरी दी है।
एजेंसी ने बताया कि 64 फीसदी लोग समलैंगिक विवाह के पक्ष में हैं, जबकि 36 फीसदी इसके विरोध में दिख रहे हैं। स्विट्जरलैंड की संसद और शासी निकाय संघीय परिषद ने ‘सभी के लिए विवाह’ कदम का समर्थन किया है। इस संबंध में पहले भी जनमत संग्रह हुए थे, जिसमें लोगों ने ठोस समर्थन जताया था।
समर्थकों ने कहा कि इस कदम से समान-लिंग वाले जोड़ों को विषमलैंगिक जोड़ों के समान कानूनी अधिकार मिल सकेंगे। इसमें उन्हें एकसाथ मिलकर बच्चों को गोद लेना या नागरिकता से जुडे़ अधिकार शामिल है। यह समलैंगिक जोड़ों को विनियमित शुक्राणु दान का उपयोग करने की भी अनुमति देगा।
तालिबानी सजाओं की अमेरिका ने निंदा की
अमेरिका ने तालिबान की तरफ से लोगों को हाथ-पैर काटने और सरेआम फांसी पर लटकाने जैसे क्रूर तरीकों से सजा देने की निंदा की है। खामा प्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक अमेरिका के विदेश विभाग के प्रवक्ता नेड प्राइस ने कहा, इस तरह के कानून मानवाधिकारों का उल्लंघन हैं। अफगान जेल मंत्री मुल्ला नूरुदीन तोराबी ने हाथ-पैर काटने व सरेआम फांसी पर लटकाने जैसी सजाएं फिर से लागू करने का एलान किया था।
हवाई हमलों में मदद नहीं लेगा अमेरिका
अमेरिका ने साफ कर दिया है कि अफगानिस्तान में आतंकियों पर हवाई हमले के लिए वह न तो तालिबान से बात करेगा और न उसकी मदद लेगा। पेंटागन के प्रवक्ता जॉन किर्बी ने कहा कि अफगानिस्तान में आतंकवाद विरोधी अभियानों को अंजाम देने के लिए अमेरिका सक्षम है और हवाई हमलों की क्षमता को आगे बढ़ाने के लिए आश्वस्त है। तालिबान के साथ हवाई क्षेत्र को लेकर किसी बातचीत की जरूरत नहीं है।