West Bengal: बांग्लादेश सीमा पर BSF जवानों पर तस्करों का हमला, एक महिला प्रहरी समेत चार जवान जख्मी
तस्करों ने सीमा निगरानी में लगे सीसीटीवी कैमरे, रिकॉर्डर, कंप्यूटर और कंट्रोल रूम में तोड़फोड़ कर बीएसएफ की संपति को भारी हानि पहुंचाई। बीएसएफ ने तस्करों को पकड़ने के लिए तलाशी अभियान तेज कर दिया है...
विस्तार
भारत-बांग्लादेश सीमा पर तस्करों ने बीएसएफ के जवानों पर हमला कर दिया, जिसमें एक महिला प्रहरी समेत चार जवानों के घायल होने की खबर है। घायलों को अस्पतालों में भर्ती कराया गया है और तस्करों को पकड़ने का अभियान तेज कर दिया है। तस्करों ने सीमा निगरानी में लगे सीसीटीवी कैमरे, रिकॉर्डर, कंप्यूटर और कंट्रोल रूम में तोड़फोड़ कर बीएसएफ की संपति को भारी हानि पहुंचाई। बीएसएफ ने तस्करों को पकड़ने के लिए तलाशी अभियान तेज कर दिया है।
दक्षिण बंगाल सीमांत के अंतर्गत 68वीं वाहिनी (जिला–उत्तर 24 परगना) की सीमा चौकी मामाभगिना के जवानों को शुक्रवार को थी कि गांव नवादापाड़ा के आलमगीर मंडल, सुखदेव मंडल, सुकुमार और पवित्रा के घर में भारी मात्रा में गांजा और फेंसेडिल है और तस्कर इसे बांग्लादेश भेजने वाले हैं। इसके बाद कंपनी कमांडर ने इसकी सूचना पुलिस थाना बगदाह को दी। इसके बाद रात 2010 बजे, जवानों ने गांव के सदस्यों की उपस्थिति में बताए हुए संदिग्ध घरों में दबिश दी। तलाशी में आलमगीर मंडल को उसके घर से 43 किलो गांजा व 371 बोतल फेंसेडिल के साथ गिरफ्तार किया। पकड़े गए तस्कर की पहचान आलमगीर मंडल गांव नवादापाड़ा, जिला उत्तर 24 परगना के रूप में हुई।
तस्करों ने जवानों पर किया जानलेवा हमला
बीएसएफ के जवान जब आलमगीर मंडल को पकड़कर ले जा रहे थे, तो उसके साथी तस्करों ने अचानक से जवानों पर लाठी–डंडों और पत्थरों से हमला कर दिया, जिसमें बीएसएफ के चार जवान गंभीर रूप से घायल हो गए। जवानों ने आत्मरक्षा में अघातकीय हथियार (पीएजी) का इस्तेमाल किया। इसके बाद बदमाश वहां से भाग खड़े हुए।
बदमाशों ने बीएसएफ की संपति के साथ की तोड़फोड़
पकड़े गए तस्कर के साथियों ने पहले बीएसएफ के जवानों पर हमला किया। फिर सीमा निगरानी में लगे सीसीटीवी कैमरे, रिकॉर्डर, कंप्यूटर और कंट्रोल रूम के साथ तोड़फोड़ कर बीएसएफ की संपति को भारी हानि पहुंचाई। घायलों में से एक जवान की हालत गंभीर होने के कारण उसे कोलकाता रेफर किया गया। इस दौरान उत्तेजित भीड़ ने तस्कर को छुड़वाने के लिए सीमा चौकी मामाभगिना का भी घेराव किया।
पूछताछ में तस्कर ने उगला की वह पिछले छह साल से इस तरह की तस्करी में लिप्त है। तस्कर एनसीबी की लिस्ट में भी है। पकड़े गए तस्कर और जब्त सामान को एनसीबी, कोलकाता को सौंपा जा रहा है।
तस्करों को जल्द पकड़ लिया जाएगा: डीआईजी
संजय कुमार, डीआईजी क्षेत्रीय मुख्यालय, कृष्णानगर ने कहा, तस्कर और उनके परिवार के लोग बीएसएफ द्वारा लगातार की जाने वाली कार्रवाई से बौखला गए हैं। हमारी खुफिया टीम तस्कर का साथ देने वालों का पता लगा रही है और उन्हें जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।