West Bengal: अभिषेक बनर्जी का BSF पर आरोप, जवानों ने युवक को मारी गोली, न्याय के लिए जाएंगे सुप्रीम कोर्ट
अभिषेक ने कहा, ब्लॉक नंबर 1, दिनहाटा के 23 वर्षीय प्रेम कुमार बर्मन बंगलौर में काम करता था। वह युवक बंगलौर से करीब चार वर्ष के बाद घर लौटा था। दिसंबर में एक दिन वह खेत में घूमने लिकला था। बहुत करीब से उसे बीएसएफ जवानों ने गोली मारी...
विस्तार
तृणमूल कांग्रेस के महासचिव और सांसद अभिषेक बनर्जी ने बीएसएफ पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने बीएसएफ पर राजवंशी युवक को गोली मारने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, वह बीएसएफ के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट जाएंगे। उन्होंने शनिवार को कूचबिहार के माथाभांगा में आयोजित सभा में आरोप लगाया कि बीएसएफ ने राजवंशी युवक की जान ली है। उन्होंने पूछा, क्या प्रेम कुमार बर्मन उग्रवादी था? मेरे पास प्रेम कुमार की पोस्टमार्टम रिपोर्ट है। बीएसएफ ने अर्धसैनिक बलों द्वारा इस्तेमाल की जाने वाली गोलियों का इस्तेमाल किया है। अभिषेक ने हाल में राजवंशी युवक की मौत के लिए केंद्र को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने कहा, इसे लेकर केस दर्ज कर लिया गया है। वह बीएसएफ के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट जाएंगे।
उन्होंने कहा, ब्लॉक नंबर 1, दिनहाटा के 23 वर्षीय प्रेम कुमार बर्मन बंगलौर में काम करता था। वह युवक बंगलौर से करीब चार वर्ष के बाद घर लौटा था। दिसंबर में एक दिन वह खेत में घूमने लिकला था। बहुत करीब से उसे बीएसएफ जवानों ने गोली मारी। उन्होंने कहा कि प्रेम कुमार के शरीर से गोलियों के 180 टुकड़े मिले थे। अधिक खून बहने से उसकी मौत हो गई थी। इस अवसर पर अभिषेक बनर्जी ने मंच पर मृत प्रेम कुमार के माता-पिता को बुलाया। उनके परिवार के सदस्यों ने भी एक ही आरोप लगाया।
अभिषेक बनर्जी ने कहा, उसके पास से कुछ भी बरामद नहीं हुआ। उसे क्यों मारा गया। अभिषेक ने कहा, अगर भारत के प्रधानमंत्री का हाथ ऐसा करने वाले के सिर पर है, तो मैं इसे आखिर तक नहीं छोडूंगा। मैं एक से दो महीने में इसका अंत देखूंगा।