ऑल वेदर रोड परियोजना के तहत अधिग्रहित की गई भूमि का प्रतिकर नहीं मिलने से नाराज पीपलमंडी भट्ट मोहल्ले के लोगों ने बुधवार को प्रदर्शन किया।
ऑल वेदर रोड के तहत पीपलमंडी-बड़ेथी बाईपास पर चल रहे सड़क चौड़ीकरण कार्य के लिए भट्ट मोहल्ला क्षेत्र के लोगों की जमीन अधिग्रहित की गई थी, जिसके बदले प्रभावितों को मुआवजा देने का भरोसा दिया गया था। लेकिन तीन साल से अधिक का समय गुजर जाने के बावजूद किसी भी व्यक्ति को प्रतिकर नहीं दिया गया है। उल्टा सड़क कटिंग कार्य कर करीब 15 मीटर गहरी खाई खोद दी गई है, जिससे मकानों के टूटने का डर सता रहा है। प्रशासन की लापरवाही से नाराज होकर बुधवार को स्थानीय लोगों ने निर्माण साइट पर पहुंचकर धरना प्रदर्शन किया। इस बीच मामले की जानकारी मिलने पर राजस्व उप निरीक्षक चंद्र विकास ने मौके पर पहुंचकर लोगों से वार्ता की। साथ ही दो तीन दिन के भीतर मुआवजा वितरित करने का भरोसा दिया, जिसके बाद लोगों ने धरना समाप्त कर दिया। हालांकि उन्होंने तय समय के भीतर मांग पूरी नहीं होने पर दोबारा आंदोलन करने की चेतावनी भी दी। विरोध करने वालों में विष्णु भट्ट, रमेेेश रावत, भगवान लाल, सुंदर लाल, राकेश आदि लोग शामिल रहे।