स्पेशल बैक परीक्षा कराने की मांग को लेकर पीजी कालेज उत्तरकाशी के छात्र-छात्राओं ने गढ़वाल विश्व विद्यालय के कुलपति का पुतला फूंक कर रोष जताया। आक्रोशित छात्रों ने 20 सितंबर तक परीक्षा तिथि घोषित नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।
सोमवार को छात्र संघ के बैनर तले छात्र छात्राओं ने गढ़वाल विवि द्वारा स्पेशल बैक परीक्षा नहीं कराने पर रोष जताया। महाविद्यालय गेट के बाहर एकत्र हुए छात्रों ने नारेबाजी करते हुए गढ़वाल विवि के कुलपति का पुतला फूंका। साथ ही 20 सितंबर तक परीक्षा तिथि घोषित करने की मांग की। इस दौरान छात्रसंघ अध्यक्ष गणेश राणा ने बताया कि पिछले वर्ष तक बैक परीक्षाओं में विफल होने वाले छात्र-छात्राओं को स्पेशल बैक परीक्षा के माध्यम से दूसरा मौका दिया जाता था, लेकिन इस वर्ष विवि द्वारा न तो बैक परीक्षा का रिजल्ट घोषित किया गया है और न ही स्पेशल बैक परीक्षा कराई गई है। जिस कारण छठे सेमेस्टर के छात्र-छात्राओं को परास्नातक कक्षाओं में प्रवेश नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने कहा कि अगर तय समय के भीतर मांग पूरी नहीं की गई तो छात्रों को महाविद्यालय में तालाबंदी व उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होना पड़ेगा। प्रदर्शन करने वालों में छात्रसंघ महासचिव देवराज बिष्ट, कोषाध्यक्ष संतोषी पंवार, सहसचिव माधव सेमवाल, प्रत्येंद्र राज, भगवान चंद्र, राहुल पोखरियाल, केवल शाह, प्रीति, राखी, राधा, सौरभ रावत, अंकुश पंवार, पूनम आदि शामिल रहे।