आयुर्वेदिक एवं यूनानी विभाग की तरफ से शुक्रवार को जिला प्रेक्षागृह में कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें गंगोत्री विधायक गोपाल रावत व जिलाधिकारी डॉ.आशीष चौहान ने विभाग द्वारा तैयार की गई आयुष रक्षा किट का विधिवत उद्घाटन किया। साथ ही स्वास्थ्य, पुलिस आदि विभागों के कोरोना योद्धाओं को किट वितरित की।
इससे पूर्व कार्यक्रम की शुरूआत करते हुए जिला आयुर्वेद एवं यूनानी अधिकारी डॉ.कुसुमलता उनियाल ने बताया कि इस किट में विभिन्न जड़ीबूटियों के मिश्रण से निर्मित काढ़ा, अश्वगंधा वटी तथा संशमनी वटी को शामिल किया गया है। योजना के प्रथम चरण में जिले के दो हजार कोरोना योद्धाओं को यह किट वितरित की जाएगी। इस बीच गंगोत्री विधायक ने कहा कि कोरोना योद्धाओं के कड़े परिश्रम के कारण जिले के करीब 90 प्रतिशत मरीज ठीक हो चुके हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि कोरोना मरीजों के बीच रहने के बावजूद जिले का एक भी अधिकारी व कर्मचारी संक्रमित नहीं हुआ है। भविष्य में भी सभी कोरोना योद्धाओं को सुरक्षित रखने व उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाने में यह किट लाभदायक साबित होगी। इस मौके पर एसपी पंकज भट्ट, सीडीओ पीसी डंडरियाल, वरिष्ठ चिकित्साधिकारी रमाशंकर बलूनी, सीओ कमल सिंह पंवार, सीओ दीवान सिंह मेहता, आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेंद्र पटवाल, डॉ.पमिता उनियाल, डॉ.रतनमणि भट्ट, डॉ.हर्षमणि नौटियाल, विजयपाल पयाल आदि अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।