जंगलों में आग लगने की घटनाएं बढ़ने के बीच अपर यमुना वन प्रभाग की नौगांव रेंज के अंतर्गत कुवां कफनौल मोटर मार्ग पर फायर ड्रिल कर ग्रामीणों को जंगलों की आग पर नियंत्रण के गुर सिखाए गए।
आजकल जिले के जंगलों में जगह-जगह आग लगने की घटनाओं में वन संपदा स्वाह हो रही है। ग्रामीणों को दावानल से जंगलों को होने वाले नुकसान से अवगत कराने तथा आग नियंत्रित करने में सहयोग के लिए वन विभाग द्वारा फायर ड्रिल का आयोजन किया गया। खाटल बीट के अंतर्गत कुवां कफनौल मोटर मार्ग पर आयोजित फायर ड्रिल के दौरान अपर यमुना वन प्रभाग के डीएफओ केपी वर्मा ने सभी लोगों से वनों को आग से बचाने की अपील की। इस मौके पर ग्रामीणों को जंगलों में लगी आग बुझाने का प्रशिक्षण भी दिया गया। इस मौके पर रेंजर साधू लाल, वन सरपंच पप्पू लाल, बचन लाल, भौंती के प्रधान विजयपाल पंवार, विजेंद्र बिष्ट, जयवीर राणा, बिजलिया लाल आदि मौजूद रहे। संवाद