आफत बनकर बरसी बारिश-बर्फबारी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पहाड़ में जहां बारिश-बर्फबारी फसलों के लिए वरदान बनकर बरसी है, वहीं लोगों के लिए आफत भी बन गई है। बारिश से शनिवार को चंबा-धरासू हाईवे रतनौगाड़ व कुनेर के बीच मलबा आने से हाईवे पर करीब तीन घंटे यातायात ठप रहा। उधर, उत्तरकाशी जिले के गंगोत्री-यमुनोत्री हाईवे पर भी भारी बर्फबारी से आवागमन बंद हो गया है। स्थिति यह थी कि दिनभर बर्फबारी होने से मसूरी का रास्ता भी बंद हो गया, जिससे वहां पहुंचे दर्जनों पर्यटक रास्ते में ही फंस गए। खबर लिखे जाने तक बुरांशखंडा से लेकर सुवाखोली तक वाहनों के पहिये जाम रहे।
बारिश से गंगोत्री हाईवे तीन घंटे बाधित
कंडीसौड़ (टिहरी)। बीती शुक्रवार रात से जारी बारिश के कारण शनिवार को चंबा-धरासू हाईवे रतनौगाड़ व कुनेर के बीच में मलबा आने से तीन घंटे तक यातायात बाधित रहा। इसका कारण थौलधार संपर्क मार्ग का मलबा हाईवे पर आना बताया जा रहा है।
बीआरओ की टीम ने मौके पर पहुंचकर मलबा हटाया।
इसके बाद हाईवे पर आवागमन सुचारु हुआ। लगातार जारी बारिश के कारण पूर्वाह्न करीब 11 बजे हाईवे पर भारी मात्रा में मलबा आ गया, जिससे नेशनल हाईवे पर वाहनों का आवागमन बाधित हो गया। सीमा सड़क संगठन की चंबा विंग ने मौके पर पहुंचकर मलबा हटाकर यातायात सुचारु कराया।
बर्फबारी से गंगोत्री-यमुनोत्री समेत कई लिंक मार्ग बाधित
उत्तरकाशी। शुक्रवार रात से शुरू हुई बारिश-बर्फबारी के बीच गंगोत्री व यमुनोत्री हाईवे पर आवागमन बाधित हो गया है। गंगोत्री हाईवे सुक्खी टॉप तथा यमुनोत्री हाईवे राड़ी टॉप में भारी बर्फबारी के कारण कई बार बंद हो चुका है। हालांकि जिला प्रशासन की ओर से दोनों ही जगहों पर जेसीबी के साथ कर्मचारियों को तैनात कर बर्फबारी को हटाने का काम किया जा रहा है। इसके अलावा लिंक मार्ग भी बाधित हुए हैं।
जिले में तालुका, हरकीदून ट्रैक मार्ग बर्फबारी से बंद होने के कारण ओसला, गंगाड़, ढाटमीर, पंवाणी गांव का तहसील मुख्यालय से संपर्क कट गया है। जखोल लिवाड़ी मार्ग भी बर्फबारी से बंद हो गया है। मसरी, दोणी, सट्टा, खन्यासणी आदि गांव भी बर्फबारी में कैद हो गए हैं। यहां लंबगांव-उत्तरकाशी को जोड़ने वाला मोटर मार्ग चौरंगीखाल के पास बर्फबारी के कारण बाधित हुआ है। जिलाधिकारी डा. आशीष कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि हाईवे के जिन जगहों पर भारी बर्फबारी होने से सड़क पर यातायात बाधित हो रहा है, वहां जेसीबी के साथ कर्मचारी तैनात किए गए हैं।
जाम लगने से कई पर्यटक नहीं पहुंच पाए धनोल्टी
नैनबाग (टिहरी)। बर्फबारी का आनंद लेने के लिए पर्यटक शनिवार को बड़ी संख्या में धनोल्टी पहुंचे। दिनभर बर्फबारी होने से मसूरी का रास्ता भी बंद हो गया, जिससे वहां पहुंचे दर्जनों पर्यटक रास्ते में ही फंस गए। जाम लगने के कारण जहां कई पर्यटक बर्फबारी का आनंद लेने धनोल्टी नहीं पहुंच पाए, वहीं जो लोग धनोल्टी आए वह समय पर अपने गंतव्य पर नहीं पहुंच पाए।
दोपहर को लगे जाम खुलवाने के लिए पुलिस की भी कोई व्यवस्था नहीं दिखी, जिससे पर्यटकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। बुरांशखंडा से लेकर सुवाखोली तक पहिये जाम रहे। देर शाम खबर भेजे जाने तक भी जाम नहीं खुल पाया था।