Rudrapur: प्रतिबंधित मांस बेच रहे विक्रेता को रंगे हाथों पकड़ा, औजार भी किए गए जब्त, केस दर्ज
गोवंश संरक्षण स्क्वाड ने रेशमबाड़ी में एक दुकान में प्रतिबंधित मांस बेच रहे एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से मांस, उसे काटने के औजार के साथ ही बेचे मांस से मिली नकदी जब्त की गई।
विस्तार
रुद्रपुर में गोवंश संरक्षण स्क्वाड ने रेशमबाड़ी में एक दुकान में प्रतिबंधित मांस बेच रहे एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से मांस, उसे काटने के औजार के साथ ही बेचे मांस से मिली नकदी जब्त की गई। अभियुक्त के खिलाफ उत्तराखंड गो संरक्षण अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार बीते मंगलवार की शाम गोवंश संरक्षण स्क्वाड में तैनात एसआई प्रवीण सिंह मुखबिर की सूचना पर टीम के साथ वार्ड 13 मोहल्ला रेशमबाड़ी में एक मांस की दुकान में छापा मारा। दुकान के अंदर बने चबूतरे में एक व्यक्ति मांस के टुकड़े काटता मिला। मांस तौलने के लिए इलेक्ट्रॉनिक तराजू रखा हुआ था। टीम ने दुकान से अलीम निवासी वार्ड 13 मोहल्ला रेशमबाड़ी को हिरासत में ले लिया। उसके कब्जे से मांस बेचकर मिले 5050 रुपये बरामद हुए। सूचना पर पहुंचे पशु चिकित्साधिकारी डॉ. पीके पाठक ने मांस का निरीक्षण कर उसे प्रतिबंधित पशु का बताया।
टीम ने मौके से 16 किलो 200 ग्राम मांस के साथ ही एक चापड़, छूरी, सूजा, लकड़ी का गुटका, इलेक्ट्रॉनिक तराजू को कब्जे में लिया। टीम ने अभियुक्त और जब्त सामान को कोतवाली पुलिस के सुपुर्द कर दिया। एसआई प्रवीण की तहरीर पर पुलिस ने अलीम पर केस दर्ज किया और उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।