रुद्रपुर। गदरपुर नगरपालिका अध्यक्ष और सभासद के बीच उपजे विवाद के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों के चार नामजद सहित अज्ञात पर केस दर्ज किया है। मामले के बाद से ही सियासत भी गरमा रही है।बता दें कि शनिवार को गदरपुर नगर पालिका अध्यक्ष गुलाम गौस और सभासद परमजीत सिंह उर्फ पम्मा के बीच निर्माण कार्य के भुगतान को लेकर नोंकझोक हो गई थी। सभासद ने पालिकाध्यक्ष पर पिस्टल तानकर गोली मारने की धमकी देने का आरोप मढ़ा था। पालिकाध्यक्ष ने भुगतान के लिए दवाब बनाने का आरोप लगाया था। इसको लेकर पालिका में हुए हंगामे के बाद पुलिस भी पहुंची थी और सीसीटीवी कैमरे की डीवीआर भी जब्त की थी। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगते हुए हुए थाने में तहरीर दी थी। पुलिस ने पालिकाध्यक्ष गुलाम गोस पक्ष की तहरीर पर सभासद परमजीत सिंह व दो अन्य अज्ञात लोगों के विरुद्ध धारा 504, 506,352 आईपीसी, एससी एसटी एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। सभासद परमजीत सिंह की तहरीर पर पालिका अध्यक्ष गुलाम गौस, मोबिन और अन्य लोगों के विरुद्ध धारा 342, 504, 506 आईपीसी, 30 आयुध अधिनियम के तहत केस दर्ज किया है।