खटीमा। कोलतार के आर्डर में दो लाख रुपये की धोखाधड़ी के आरोप का मामला सामने आया है। पुलिस ने एक आरोपी को लखनऊ से गिरफ्तार किया है। आरोपी के खाते में रुपये डालने के बावजूद कोलतार नहीं पहुंचा।
झनकइया थाना प्रभारी दिनेश फर्त्याल ने बताया कि राजीवनगर निवासी मोहित देवल ने छह सितंबर को रिपोर्ट दर्ज कराई। इसमें कहा कि अहमदाबाद की आरती तार इंडस्ट्रीज के सेल्स मैनेजर से 70 ड्रम कोलतार का आर्डर दो लाख 83 हजार और 500 रुपये में तय हुआ था। इसके एवज में उसके खाते में दो लाख रुपये डाले। इसके बाद भी माल नहीं पहुंचा तो थाने में धारा 406, 402 में मुकदमा दर्ज करवाया। इस संबंध में सर्विलांस के माध्यम से एसआई ललित पांडे ने खाता संख्या 31972811139 के खाता धारक के संबंध में साक्ष्य एकत्र किए तो पता चला कि उक्त खाता अभिषेक कुमार सिंह, अहिंडर, थाना माल, लखनऊ के नाम पर है। आरोपी को 29 सितंबर को लखनऊ के रहनाबाद रोड, पांडे तिराहे से गिरफ्तार किया। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि लखनऊ निवासी उसका साथी जय आवाज बदल-बदल कर लोगों को फोन से बहला फुसलाकर उनके खाते में पैसे डलवाता था। खाते में डलवाया धन वह और जय से आपस में बांट लेते थे। आरोपी से एक मोबाइल, पासबुक और 200 रुपये की नकदी बरामद हुई। पुलिस टीम में एसआई पांडे के साथ कांस्टेबल दिनेश जोशी, विवेक गर्ब्याल, ललित वर्मा शामिल रहे।