अपहरण के हल्ले से मची हलचल: पुलिस बोली- लेनदेन का मामला, रातभर युवक को खोजती रही...सुबह आया साथी का फोन और...?
खटीमा में बीती रात एक युवक के अपहरण की सूचना से पुलिसकर्मियों में हड़कंप मच गया। इस दौरान पुलिस की अलग-अलग टीमों ने रातभर जगह-जगह नाकाबंदी कर बैरियरों पर चेकिंग की। पुलिस की जानकारी में कैसीनो गेम के रुपयों के लेनदेन का मामला निकला है।
विस्तार
खटीमा नगर में बीती रात एक युवक के अपहरण की सूचना से पुलिसकर्मियों में हड़कंप मच गया। इस दौरान खटीमा कोतवाली, झनकईया थाना, चकरपुर चौकी, सत्रहमील और झनकट चौकी की टीमों ने रातभर जगह-जगह नाकाबंदी कर बैरियरों पर चेकिंग की। हालांकि अब तक पुलिस को मिली जानकारी में कैसीनो गेम के रुपयों के लेनदेन का मामला निकला है। बताया जा रहा है कि एक युवक ने फोन कर पुलिस ने माफी मांगी है। पुलिस ने दोनों पक्षों को माफीनामा लिखने के लिए बुलाया है।
पुलिस को बुधवार देर रात 112 नंबर पर सूचना मिली कि पीलीभीत निवासी एक व्यक्ति का कारसवार कुछ लोगों ने चकरपुर स्थित वनखंडी मंदिर के पास अपहरण कर लिया है। पुलिस को यह सूचना कथित अपहृत युवक के साथ बाइक पर बैठकर आ रहे नौसर निवासी युवक ने दी थी। अपहरण की सूचना मिलने पर पुलिस ने नाकेबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस के मुताबिक, पीलीभीत और नौसर निवासी दोनों युवक अक्सर नेपाल में कैसीनो गेम खेलने जाते हैं। कैसीनो के रुपयों को लेकर मझोला निवासी युवक का यूपी के ही कुछ युवकों से लेन-देन था।नौसर निवासी ने पुलिस को दी सूचना
बुधवार देर रात पीलीभीत और नौसर निवासी युवक बाइक से खटीमा आ रहे थे। रास्ते में पीलीभीत के युवक के मोबाइल पर एक फोन आया। जिस पर उसने बाइक रुकवा ली। तभी पीछे से कार सवार युवकों ने पीलीभीत निवासी युवक से सड़क पर कुछ देर तक बात की। उनके बीच लेन-देन को लेकर बात हुई। पीलीभीत के युवक ने नौसर के युवक से कहा कि कार सवारों को चेक देने जा रहा है और कार में बैठ गया। इसबीच नौसर निवासी युवक ने जब देखा कि उसका साथी कार में बैठकर चला गया है और उसका मोबाइल भी गलती से उसके पास ही रह गया है, तो वह घबरा गया। उसने रात को टनकपुर से आ रहे एक बाइक सवार से फोन लेकर 112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज खंगाले। सूत्रों के मुताबिक पीलीभीत निवासी युवक ने पुलिस से फोन पर माफी मांगी, लेकिन बाद में उसका नंबर स्विच ऑफ आने लगा। कोतवाल प्रकाश सिंह दानू ने बताया कि मामला आपसी लेने का है। इधर, सीओ विमल रावत के मोबाइल नंबर पर संपर्क नहीं हो सका।
कई लोगों से है युवक का लेनदेन
पीलीभीत निवासी युवक अक्सर कैसीनो खेलने नेपाल जाता है। सूत्रों के मुताबिक, वह नवाबगंज का रहने वाला है, लेकिन वर्तमान में वह राजाजी काॅलोनी, पीलीभीत में किराये के मकान में रहता है। उसका कई लोगों से लेनदेन है। नेपाल में कैसीनो खेलने के लिए भी उसने कुछ लोगों से लेन-देन किया था। बताया जा रहा है कि बुधवार रात कार सवार लोग उससे अपने पैसे लेने आए थे।