फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttarakhand ›   Udham Singh Nagar News ›   The death of the villager by drowning in a hail from a gale

आंधी से गिरी झोपड़ी में दबकर ग्रामीण की मौत

Thu, 13 Jun 2019 12:16 AM IST
yashwant yashwant अमर उजाला ब्यूरो
अमर उजाला ब्यूरो Published by: yashwant yashwant Updated Thu, 13 Jun 2019 12:16 AM IST
विज्ञापन
The death of the villager by drowning in a hail from a gale
खटीमा के झनकईया थाने में पेड़ गिरने से क्षतिग्रस्त हुई कार और बाइक। - फोटो : अमर उजाला
क्षेत्र में सुबह की आंधी कहर बनकर टूटी। आंधी के साथ मूसलाधार बारिश से कई कच्चे मकान और झोपड़ियां ढह गईं। आंधी से झोपड़ी गिरने के कारण उसके नीचे दबकर एक बुजुर्ग की भी मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। 
विज्ञापन


पीलीभीत रोड स्थित गोविंदपुर गांव में पुलभट्टा के गांव सेमलपुरा निवासी धर्मपाल (68) पुत्र सुंदरलाल बेटी के घर आए थे। उनका दामाद लालाराम परिवार के साथ पूर्णागिरि माता के दर्शन के लिए गए हैं। धर्मपाल घर में अकेले रह रहे थे और मंगलवार रात वह झोपड़ी में सोए हुए थे। बुधवार सुबह करीब पांच बजे आंधी के साथ बारिश होने लगी। इस पर धर्मपाल झोपड़ी में बंधी गाय की रस्सी खोलने पहुंचे तभी तेज हवा के कारण झोपड़ी गिर गई और उसमें बंधी लकड़ियों की चपेट में आ गए। आंधी और बारिश थमने के बाद गांव के लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने झोपड़ी के मलबे को हटाया तो धर्मपाल उसके नीचे दबे हुए मृत अवस्था में मिले। 
विज्ञापन

सूचना के करीब चार घंटे बाद एसडीएम राजस्व कर्मियों के साथ पहुंचे और हादसे की जानकारी ली। सरकड़ा चौकी पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए खटीमा भेज दिया। 
विज्ञापन
विज्ञापन


बारिश में कई कच्चे घर ढह गए
सितारगंज। नगर के बलीनगर मोहल्ले में अयूब शाह और अफजाल अहमद का कच्चा घर ढह गया। नकुलिया, उकरौली, लौका-गौठा में छह से अधिक झोपड़ी और कच्चे मकान ढह गए। हरियाणा इंडस्ट्रीज का गोदाम ध्वस्त होने से गेहूं, धान और बारदाना पानी से भीगकर खराब हो गया। इससे मिल मालिक को भारी क्षति हुई है।
इधर, सितारगंज, नानकमत्ता, शक्तिफार्म और बरा क्षेत्र में आंधी से मुख्य मार्गों पर कई पेड़ गिर गए। इससे यातायात बाधित रहा। करीब 80 बिजली पोल गिरने के साथ 25, 63 और सौ केवी के करीब दस ट्रांसफार्मर भी क्षतिग्रस्त हो गए। इससे नगर का आंशिक हिस्सा और करीब 40 गांवों की बिजली आपूर्ति ठप रही। 
एसडीएम मनीष बिष्ट ने बताया कि आंधी से हुए नुकसान की रिपोर्ट डीएम को भेजी जाएगी। इसके लिए राजस्व टीम जांच में भी जुट गई है। विद्युत एसडीओ वीबी जोशी ने बताया कि बिजली पोल और ट्रांसफार्मरों को सही कर बिजली आपूर्ति के प्रयास किए जा रहे हैं। 

बारिश से खोली पालिका के कार्यों की कलई
सितारगंज। गर्मी के मौसम में पहली बार हुई बारिश ने पालिका के विशेष सफाई अभियान की कलई खोल दी। नगर में सौंदर्यीकरण का काम प्रगति पर होने से नाले भी पट गए हैं। इस कारण जलभराव की समस्या हो गई है। एसडीएम कार्यालय परिसर में पानी भर गया। वार्ड तीन, दस और बलीनगर मोहल्ले में जल निकासी न होने से लोगों को फजीहत झेलनी पड़ रही है। पालिकाध्यक्ष हरीश दुबे ने वार्डों का निरीक्षण कर तत्काल सफाई कर्मचारियों को नालों की सफाई करने के निर्देश दिए। साथ ही आपात बैठक बुलाकर कहा कि जहां-जहां जलभराव हो रहा है, वहां मिट्टी भरान कराकर आरबीएम डाला जाएगा। इसके लिए पालिका के सफाई निरीक्षक जसवीर सिंह को निर्देशित भी किया। ब्यूरो

आंधी और बारिश ने उड़ा दी बिजली
काशीपुर/जसपुर। तेज हवाओं के साथ बारिश के चलते बिजली तारों पर पेड़ गिरने पर लाइनें क्षतिग्रस्त हो गईं। इससे कई इलाकों में 12 घंटे से अधिक बिजली आपूर्ति ठप रही। मानपुर, प्रतापपुर, कुंडेश्वरी बिजलीघर में अधिक नुकसान होने से आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी। 

बुधवार तड़के तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हुई। कई जगहों पर ओलावृष्टि भी हुई। धान, लीची, आम की फसल को भी भारी नुकसान हुआ है। बुधवार सुबह भी बिजली ठप रहने से लोगाें को पानी के लिए दिक्कत झेलनी पड़ी। 

बिजली कर्मचारियों ने दोपहर तक अधिकांश क्षेत्र की आपूर्ति बहाल कर दी। 33 हजार केवी लाइन जगह-जगह क्षतिग्रस्त होने से मानपुर और कुंडेश्वरी की बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी। साथ ही करीब 25 बिजली पोल भी क्षतिग्रस्त हो गए, जिससे गिरीताल, रामनगर रोड, सैनिक कॉलोनी, दुर्गा कॉलोनी, कुंडेश्वरी रोड, बाजपुर रोड समेत कई कालोनियों के उपभोक्ता दिन भर भीषण गर्मी में बिना बिजली के रहे। 

एसडीओ सुनील कुमार ने बताया कि 33 हजार केवी की लाइन पर पेड़ गिरने से क्षतिग्रस्त लाइनों की मरम्मत की जा रही है। शीघ्र ही आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। नुकसान का आंकलन नहीं किया जा सकता है। इधर, जसपुर में भी बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली है। इधर, जसपुर निवासी दिव्यांग नासिर पुत्र रईस अहमद ने कुंडा थाना क्षेत्र के ग्राम बैलजूड़ी में सीमेंट की चादर डालकर मकान बनाया था। तड़के आंधी में मकान की छत उड़ गई। मलबा गिरने से नासिर, उसकी पत्नी फरीदा, भतीजा आसिफ और उसकी पत्नी आलिया चोटिल हो गए। सभी ने सरकारी अस्पताल में इलाज कराया। घटना की सूचना लेखपाल को दे दी गई। 


अंधड़ और बारिश से 17 कच्चे घर ढहे
बाजपुर/केलाखेड़ा। क्षेत्र में अंधड़ और बारिश से 17 कच्चे मकान, टिनशेड और झोपड़ी गिर गए। अंधड़ से पांच दुकानों के बोर्ड, एक दुकान का शीशा टूट गया। 
बुधवार तड़के तेज हवाओं से गांव टांडा अमीचंद निवासी जसविंदर सिंह, अमरजीत सिंह, राजकुमार, गुरमेज सिंह, जगदीश सिंह, बिल्लू सिंह, चमन सिंह, मोनी, ब्रजपाल सिंह, सतपाल सिंह की झोपड़ी, कच्चे मकान, टिनशेड ध्वस्त हो गए। बेरिया दौलत क्षेत्र में दो, बन्नाखेड़ा क्षेत्र में तीन, गांव रतनपुरा में दो कच्चे मकान, केलाखेड़ा के गांव बरवाला स्थित चर्च परिसर में बना कच्चा घर ध्वस्त हो गया। थाना परिसर में पेड़ गिरने से कार क्षतिग्रस्त हो गई। इसके अलावा हाइवे पर पेड़ गिर गए, जिन्हें काटकर ग्रामीण घर ले गए। बिजली लाइनों के क्षतिग्रस्त होने से जलापूर्ति भी बाधित हो गई। तहसीलदार केपी सिंह ने बताया कि राजस्व टीमें नुकसान की रिपोर्ट तैयार कर रही है।

सात ग्रामों के ट्रांसफार्मर डैमेज, बिजली गुल
बाजपुर। ऊर्जा निगम के अधिशासी अभियंता वीके सक्सेना ने बताया कि अंधड़ से गांव बद्रीपुर, धनसारा, किशनपुर, लंकुरा, मुंडिया कला, रामनगर, रम्पुरा समेत सात ट्रांसफार्मर डैमेज हो गए, जबकि 16 पोल, 10 किमी लाइन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है। बुधवार को धनसारा और किशनपुर के ट्रांसफार्मर बदलेंगे, जबकि पांच ग्रामों के ट्रांसफार्मर बृहस्पतिवार को बदलेंगे। बताया कि शहर और आसपास के गांवों में आपूर्ति बुधवार दोपहर तक सुचारु कर दी गई। 

रुद्रपुर में नौ घंटे गुल रही बिजली
रुद्रपुर। आंधी-तूफान आने से शहर की मटके वाली गली, हरि मंदिर गली, सिब्बल सिनेमा रोड, गोल मार्केट और बड़ी मस्जिद आदि जगह करीब नौ घंटे बिजली गुल रही। कुछ स्थानों पर एबी केबल टूटने से बिजली गुल रही। इससे लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। 
बुधवार  की सुबह तड़के चार बजे तेज अंधड़ आने से तीनों जगह की एबी केबल टूटकर जमीन पर गिर गई। हालांकि केबल टूटने से किसी को भी नुकसान नहीं हुआ। सूचना मिलने पर ऊर्जा निगम के जेई ने सुबह नौ बजे से केबल जोड़ने की कोशिश की। जेई और कर्मचारियों द्वारा काफी देर तक मशक्कत करने के बाद बिजली सुचारु हो सकी। एसडीओ अंशुल मदान ने बताया कि तेज आंधी आने से एबी केबल पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई थी। 

ओलावृष्टि से बर्बाद हुई किसानों की मेहनत
शक्तिफार्म/नानकमत्ता। आंधी से क्षेत्र के टैगोर नगर, सुरेंद्रनगर, बैकुंठपुर, देवनगर, तिलियापुर, शक्तिफार्म, गुरुग्राम, निर्मलनगर, राजनगर आदि गांवों में कई ग्रामीणों की झोपड़ियां और टिनशेड के घर उड़ गए। आंधी और बारिश के साथ देवनगर और बैकुंठपुर गांव में बड़े-बड़े ओले गिरने से कई काश्तकारों की बेमौसम धान की पकी फसल नष्ट हो गई। इन दो गांव के अधिकांश खेतों में ओलावृष्टि से धान की बालियां टूट कर गिर गई। खेतों में घुटनों तक पानी भरा हैं। बैकुंठपुर के ब्रिंची बाईन, परेश मंडल, प्राण विश्वास, गोविंद तालुकदार आदि ने बताया कि बेमौसम धान की पैदावार 35 से 40 क्विंटल प्रति एकड़ होती है। लेकिन ओले की मार से एक क्विंटल धान निकालना भी मुश्किल है। 

किच्छा मार्ग के दोनों किनारे भारी-भरकम पेड़ टूटकर गिर गए, जिससे आवागमन आधा दिन बंद रहा। बिजली पोल गिरने और तार टूटने से आपूर्ति भी ठप हो गई हैं। बाजार में नालियों से पानी की निकासी ना होने के कारण बरसात का पानी व्यापारियों के दुकान में एक फुट से ज्यादा भर गया। सामान भीग जाने से व्यापारियों का काफी नुकसान हुआ।
इधर, नानकमत्ता में भी कई टिनशेड उड़ गए और बिजली आपूर्ति बाधित रही। इससे पेयजल के लिए लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। खटीमा मार्ग पर मुकेश रस्तोगी उर्फ सोनू कबाड़ी, मनजीत सिंह की दुकान के टिनशेड उड़ गए। सितारगंज मार्ग पर टेलीफोन एक्सचेंज के पास लगा 50 केवी का ट्रांसफार्मर पोल समेत गिर गया। 
गुरुद्वारा मार्ग, नगला मार्ग, डेरा कारसेवा मार्ग पर बिजली तारों पर पेड़ गिरने के कारण लाइनें क्षतिग्रस्त हो गईं। 

श्री गुरुनानक देव स्नातकोत्तर महाविद्यालय के भवन की चहारदीवारी क्षतिग्रस्त हो गई। नगला में राजकुमार के गोदाम का टिनशेड और बाउंड्री क्षतिग्रस्त हो गई। पचपेड़ा में बलजिंदर कौर पत्नी स्व. रंजीत सिंह और अमरीक सिंह पुत्र लटकन सिंह का कच्चा झाला भी ढह गया। विद्युत अवर अभियंता नीरज कुमार ने बताया कि आंधी से लाखों की क्षति का अनुमान है। नगर और ग्रामीण क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति को सुचारु करने के लिए काम किया जा रहा है।

झनकईया थाना परिसर में गिरा पाखड़ का पेड़
खटीमा। आंधी और बारिश में झनकईया थाना परिसर में विशालकाय पाखड़ के पेड़ का आधा हिस्सा गिर गया, जिसकी चपेट में आने से थानाध्यक्ष प्रदीप राणा की कार यूके08एस-2187, कांस्टेबल छत्तर सिंह बोहरा की कार (यूके18जे-0469, चीता बाइक यूए06एफ-9098 समेत सीज की गई बस पेड़ की चपेट में क्षतिग्रस्त हो गई। इस पेड़ के गिरने से 30 मीटर बाउंड्री भी क्षतिग्रस्त हो गई है। 

पीलीभीत रोड पर ईस्टर कारखाने के पास दो ट्रक पेड़ के नीचे दबने से क्षतिग्रस्त हो गए। मंडी गेट के पास पीपल का पेड़ गिर गया। इसी दौरान आर्मी का वाहन आ गया, जिस पर ग्रामीणों ने पेड़ काटकर रास्ता खोला। बिजली तार पर पेड़ गिरने से मेलाघाट रोड के बीएसएनएल का टॉवर बंद हो गया। आंधी में जूनियर हाईस्कूल नौग्वांठग्गू की बाउंड्री ढह गई। खाली महुवट निवासी बसंती के घर पर पेड़ गिर गया, जबकि राजेंद्र, हरन, मिताई, खेलड़िया निवासी खोखन, गुड्डू, मोती, प्रमिला के टिनशेड उड़ गए। वहीं धामी रेस्टोरेंट में लाखों का नुकसान हुआ है। 

आंधी में प्रमिला के उड़े तीन हजार रुपये
खटीमा। खेलड़िया निवासी प्रमिला के छप्पर से टिनशेड तो उड़ा ही वहां पॉलिथीन में लपेटकर रखे हुए तीन हजार रुपये भी उड़ गए। आसपास के लोगों ने रुपयों की काफी तलाश की लेकिन उन्हें नोट नहीं मिले। 

खटीमा में जगह-जगह बिजली तारों पर गिरे पेड़, बिजली गुल
खटीमा। अंधड़ ने सीमांत क्षेत्र में बुधवार सुबह करीब छह बजे बिजली आपूर्ति ठप कर दी। लोहियाहेड से आ रही मुख्य लाइन 33 केवीए में पांच जगह पेड़ गिरने से लाइन क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि वैकल्पिक व्यवस्था सितारगंज से आ रही 33 केवीए लाइन में झनकट के पास भी तीन पेड़ गिर गए। इधर, एई पवन उप्रेती ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्र चकरपुर, हल्दी, नदन्ना, कुटरा, पटपुरा समेत अन्य फीडरों की एलटी लाइनों में जगह-जगह पेड़ गिर गए। इससे खटीमा क्षेत्र में रात तक आपूर्ति सुचारु होने की संभावना जताई गई है। दिन भर कर्मचारी बिजली लाइनों की मरम्मत में जुटे रहे। एसडीओ अनुज त्रिपाठी ने बताया कि बिजली आपूर्ति सुचारु कराने में कर्मचारी जुट हुए हैं। उन्होंने उम्मीद जताई की शीघ्र बिजली लाइनों की मरम्मत कर आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। 

अंधड़ में घर की छत गिरी, युवक घायल 
खटीमा। सीमांत क्षेत्र में बुधवार सुबह आंधी तूफान की चपेट में आकर दो लोग घायल हो गए।
डॉ. केसी पंत ने बताया कि सुबह साढ़े आठ बजे अंधड़ में घर की छत ढहने से मलबे की चपेट में आए बानूसी निवासी रोहित सिंह (23) पुत्र महेश सिंह को परिजनों ने सरकारी अस्पताल में पहुंचाया। उपचार के बाद उसकी हालत में सुधार है। जबकि नगला तराई निवासी शंकर (60) पुत्र निरंजन तेज हवा के चपेट में आने से गिर गए। सिर में गंभीर चोट होने पर प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया। चिकित्सकों ने पुलिस को मेमो भेजा।


खटीमा में 42 मिमी बारिश दर्ज, गर्मी से कुछ राहत
खटीमा। भीषण गर्मी के बीच बुधवार सुबह आंधी के साथ खटीमा में 42 मिमी बारिश दर्ज की गई। गर्मी से कुछ राहत मिली, लेकिन दोपहर फिर तेज धूप से अधिकतम पारा 38 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। न्यूनतम 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। जीआईसी मौसम केंद्र के प्रभारी नरेंद्र रौतेला ने बताया कि अभी गर्मी का अहसास बरकरार रहेगा।
 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed