रुद्रपुर। शिक्षा एवं पंचायतीराज मंत्री अरविंद पांडेय ने कलक्ट्रेट सभागार में डीएम, एसएसपी, सीएमओ और संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने कोरोना संक्रमित मरीजों के लिए बेड, ऑक्सीजन, आईसीयू, वेंटीलेटर, दवाईयों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने एसएसपी डीएस कुंवर को ऑक्सीजन, दवाइयां, राशन आदि की कालाबाजारी में करने वाले लोगों पर कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। कहा कि जनता की सुविधा के लिए कलक्ट्रेट परिसर में कंट्रोल रूम बनाया गया है। इसका नंबर 05944-250250 है। किसी भी जनपदवासी को कोई भी असुविधा होती है तो तत्काल इस नंबर पर सम्पर्क कर सकते है।
सीएमओ डॉ. डीएस पंचपाल ने मंत्री को बताया कि जिले के सरकारी और निजी कोविड अस्पताल में कुल 191 आईसीयू बेड और 581 ऑक्सीजन युक्त बेड उपलब्ध है। वहां पर सीडीओ हिमांशु खुराना, एडीएम उत्तम सिंह चौहान, जेसी कांडपाल, नोडल अधिकारी कोविड हॉस्पिटल मैनेजमेंट बंशीधर तिवारी सहित अन्य मौजूद रहे।