एसएसपी ने रखा ऐसा इनाम: अपराधियों के भाव गिर गए, फायरिंग मामले में फरार अभियुक्तों को बताई उनकी हैसियत
एसएसपी ने जाफरपुर में हुई फायरिंग मामले से शुरूआत करते हुए फरार तीन प्रमुख अभियुक्तों पर पांच-पांच रुपये का इनाम रखा है।
विस्तार
हजारों के इनामी घोषित होने पर सीना फुलाने वाले बदमाशों के लिए एसएसपी ने अभिनव निर्णय लिया है। अब बदमाशों पर हजारों नहीं मामूली राशि का इनाम रखकर उनकी हैसियत जनता को बताई जाएगी। एसएसपी ने जाफरपुर में हुई फायरिंग मामले से शुरूआत करते हुए फरार तीन प्रमुख अभियुक्तों पर पांच-पांच रुपये का इनाम रखा है।
अमूमन आपराधिक वारदातों में फरार रहने पर एसएसपी की ओर से अभियुक्त पर ढाई हजार रुपये से 25 हजार रुपये तक का इनाम रखा जाता है। कई बार इनामी घोषित होने के बाद बदमाश खुद को बड़ा अपराधी मानते हुए लोगों को डराने और रौब जमाने का कार्य करते रहे हैं। एसएसपी ने ऐसे अपराधियों को सबक देने लिए नया फार्मूला लागू किया है। अब ऐसे अपराधियों को समाज में उनकी हैसियत बताने के लिए मामूली इनाम रखा जाएगा।
एसएसपी मणिकांत मिश्र ने बीते 12 अक्तूबर को हुई फायरिंग की घटना में फरार मुख्य अभियुक्त जसवीर सिंह निवासी ग्राम अर्जुनपुर रुद्रपुर, मनमोहन सिंह निवासी ग्राम नेताजीनगर दिनेशपुर और साहब सिंह उर्फसाबी निवासी ग्राम गज्जीपुरा थाना मिलक खानम रामपुर पर पांच-पांच रुपये का इनाम घोषित किया है। मनमोहन और साबी पर एक-एक और जसवीर पर दो केस दर्ज हैं।
आठ फरार अभियुक्तों के खिलाफ लिया एनबीडब्ल्यू
जाफरपुर में हुई फायरिंग मामले में फरार आठ नामजद अभियुक्तों के खिलाफ पुलिस ने अदालत से एनबीडब्ल्यू लिया है। पुलिस अभियुक्तों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिशें दे रही है।
बीते 12 अक्तूबर की रात जाफरपुर में रंजिशन दो पक्षों ने एक-दूसरे पर ताबड़तोड़ फायरिंग की थी। इसमें दोनों पक्षों के आठ लोग घायल हो गए थे। पुलिस ने दोनों पक्षों के 21 लोगों पर केस दर्ज किया था। पुलिस ने दोनों पक्षों के चार अभियुक्तों करन सिंह, सतेंद्र सिंह, बलराम विश्वास और पुष्पराज सिंह उर्फ प्रिंस को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। आठ अभियुक्त फरार चल रहे थे। पुलिस ने जसवीर सिंह, मनमोहन सिंह, साहब सिंह, हरेंद्र विर्क, हरमन सिंह, गोपी, कांवल, बलजीत उर्फ बल्ली के खिलाफ अदालत से गैर जमानती वारंट ले लिया है।
हजारों का इनाम घोषित होने पर अपराधी खुद को बड़ा अपराधी मानने की गलतफहमी रख लेता है और लोगाें पर रौब दिखाता है। ऐसे अपराधियों को हैसियत बताने के लिए इनामी राशि को हजारों से घटाकर न्यूनतम करने की शुरूआत की गई है। जाफरपुर फायरिंग मामले में फरार तीन अभियुक्तों पर पांच-पांच रुपये का इनाम रखा गया है। अगली प्रक्रिया में इन तीनों इनामियों की फोटो के पोस्टर थाने में लगाए जाएंगे।
- मणिकांत मिश्रा, एसएसपी।