ट्रक से भिड़ी बारातियों से भरी बस, 19 घायल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सितारगंज से बिलासपुर लौट रही बारातियों से भरी बस की सामने से आ रहे ट्रक से भिड़ंत हो गई। ट्रक मुर्गीदाना लेकर पंजाब से टनकपुर जा रहा था। हादसा इतना जबर्दस्त था कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया, वहीं मुर्गीदाने से लदा ट्रक भी खेत में पलट गया। हादसे में एक बाराती की मौत हो गई, जबकि बस के हेल्पर सहित 19 बाराती घायल हुए हैं। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को किच्छा और रुद्रपुर अस्पताल में भिजवाया। कुछ बाराती हल्के चोटिल हुए हैं। प्राथमिक उपचार कराने के बाद अधिकांश बाराती अपने घर लौट गए।
चंदनकालोनी बिलासपुर के रहने वाले रामदुलारे के बेटे सूरज की बारात मंगलवार की शाम विरेंद्रनगर सितारगंज गई थी। बुधवार की सुबह बस संख्या डीएल1पीए 4240 से करीब 50 बाराती चंदन कालोनी लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि ग्राम देवरिया के समीप तेज रफ्तार बस का टायर फट गया। अनियंत्रित बस सामने से आ रही मुर्गीदाना लदे ट्रक संख्या यूपी 78बीएन0014 से भिड़ गई। हादसे के बाद बस में सवार बारातियों में चीख पुकार मच गई।
ट्रक सड़क किनारे खेत में पलट गया, वहीं बस भी क्षतिग्रस्त हो गई। सूचना मिलने पर लालपुर चौकी में तैनात आठ कांस्टेबलों ने मौके पर पहुंचकर घायलों को बस से निकालकर अस्पताल पहुंचाया। दूल्हे के रिश्ते के ससुर छोटे लाल (60) पुत्र बलदेव निवासी ग्राम छोटा बरखैना बिलासपुर ने दम तोड़ दिया। घायलों में पुरोहित भोलेश्वर चौबे, रामस्वरुप, राजेश, रामअवतार, भीमसेन, मुरारीलाल, मीठेलाल, पूरन चंद्र, सूदन, राधेश्याम, राजन, ताराचंद्र, विजय, सूरज कुमार, राजेश, राजू, मुन्नी निवासी चंदन कालोनी बिलासपुर, विनोद निवासी कासमगंज बिलासपुर के साथ ही बस के हेल्पर नाहिद खां घायल हो गए। पुलिस ने मृतक छोटेलाल का पंचनामा भरकर शव को पीएम के लिए भिजवाया। मृतक की 3 बेटियां और 2 बेटे हैं, जो शादीशुदा हैं।
लोगों के दबे होने की अफवाह ने उड़ाए होश
रुद्रपुर। हादसे के बाद घटनास्थल पर भारी मजमा जुट गया। किसी ने पुलिस को दुर्घटनाग्रस्त ट्रक के नीचे बाइक सवार दो लोगों के दबे होने की सूचना दी। जिसके बाद पुलिसकर्मियों ने जेसीबी मंगवाने के साथ ही खुद ही ट्रक से मुर्गीदाने बोरियां खाली करनी शुरु कर दी। हालांकि भीड़ में शामिल लोगों ने बोरे निकालने में पुलिस की मदद नहीं की। ट्रक से बोरियां निकालकर जेसीबी की मदद से जब उसे उठाया गया, तो ट्रक के नीचे कोई नहीं था। जिसके बाद पुलिस ने राहत की सांस ली।
बस के पिछले हिस्से में बैठे बाराती बचे
रुद्रपुर। हादसे में चोटिल होने से बचे चंदन कालोनी निवासी विनोद ने बताया कि वह बस के पिछले हिस्से में बैठे थे। जैसे ही बस की टक्कर हुई तो ज्यादातर अगले हिस्सों में बैठे बाराती घायल हुए। वह और उनके साथ बस के पिछले हिस्से में बैठे बारातियों को चोटें नहीं पहुंची। ज्यादातर लोगों के सिर और हाथों में चोटें पहुुंची है। हादसा किस कारण हुआ, इसकी उन्हें जानकारी नहीं है।