Rudrapur: एलपीजी न मिलने से लोग परेशान, कारोबार पर भी असर
रुद्रपुर में एलपीजी गैस सिलेंडर की किल्लत से उपभोक्ताओं और कारोबारियों की परेशानी बढ़ गई है। गैस एजेंसियों पर लंबी कतारें लग रही हैं और कालाबाजारी के आरोपों के बीच लोगों को महंगे दामों पर सिलेंडर खरीदने को मजबूर होना पड़ रहा है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
रुद्रपुर शहर में एलपीजी गैस सिलेंडर की कमी से उपभोक्ताओं और होटल कारोबारियों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। शुक्रवार को भी गैस एजेंसियों और शहर में विभिन्न वितरण केंद्रों पर उपभोक्ताओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। लोग घंटों इंतजार के बाद भी सिलिंडर मिलने को लेकर परेशान दिखे। उपभोक्ताओं ने कालाबाजारी के आरोप भी लगाए।
खासतौर पर बाहरी जिलों से काम के सिलसिले में रुद्रपुर में रह रहे लोगों को अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इनके पास न तो स्थानीय बुकिंग कार्ड है और न ही नियमित कनेक्शन। ऐसे में इन्हें सिलेंडर के लिए अधिक कीमत चुकानी पड़ रही है। उपभोक्ताओं का कहना है की पहले अधिकतम एक हजार रुपये में सिलिंडर मिल जाता था, लेकिन अब 2500 से 2800 रुपये उनसे वसूला जा रहे हैं। मजबूरी में महंगा सिलेंडर लेना पड़ रहा है। खुदरा गैस लेने वाले भी प्रभावित हैं। छोटे दुकानदारों और होटल संचालकों का कहना है कि उन्हें अब दोगुनी से अधिक कीमत देकर गैस खरीदनी पड़ रही है, जिससे कारोबार पर भी असर पड़ रहा है। लोगों का आरोप है कि मांग अधिक और आपूर्ति कम होने के कारण कुछ लोग स्थिति का फायदा उठाकर कालाबाजारी कर रहे हैं। उपभोक्ताओं ने प्रशासन से इस पर सख्त कार्रवाई की मांग की है ताकि आम लोगों को राहत मिल सके।
सिलेंडर की आपूर्ति निर्धारित कोटे के अनुसार की जा रही है। बिना वैध कनेक्शन या बुकिंग के सिलेंडर देना नियमों के खिलाफ है, इसलिए बाहरी उपभोक्ताओं को दिक्कत आ रही है। बल्कि लोगों को होम डिलिवरी की व्यवस्था भी बनाई जा रही हैं, अपील भी की जा रही है की एजेंसी तक न आएं।-प्रमोद पांडेय, प्रबंधक, इंडेन गैस एजेंसी