प्रतिबंधित दवाएं मिलने पर दो मेडिकल स्टोर सील
एसडीएम ऋचा सिंह ने ड्रग कंट्रोल विभाग की टीम को साथ नगर एवं ग्रामीण क्षेत्र के मेडिकल स्टोर में छापे मारे। इस दौरान दो दुकानदार बिना बिक्री स्टाक के प्रतिबंधित दवाएं बेचते पाए गए। टीम ने प्रतिबंधित दवाइयां कब्जे में लेकर मेडिकल स्टोर को सील कर दिया।
एसडीएम ने बताया कि उन्हें लगातार सूचना मिल रही थी कि नगर एवं ग्रामीण क्षेत्र में मेडिकल स्टोर में प्रतिबंधित नशे की दवाइयां सरेआम बेची जा रही हैं। जिसने छोटे बच्चों के साथ-साथ युवा पीढ़ी को भी अपनी गिरफ्त में लिया हुआ है। जिसको देखते हुए एसडीएम सिंह ने ड्रग इंस्पेक्टर दीपक कुमार को साथ लेकर इस्लाम नगर और झनकट के मेडिकल स्टोर में छापे मारे। जिसमें कादरी मेडिकल स्टोर में प्रतिबंधित दवाइयां और मेडिकल रजिस्ट्रेशन के पेेपर नहीं पाए जाने पर दवाइयां जब्त कर दुकान सील कर दी। उसके बाद झनकट स्थित न्यू सन्नी मेडिकल स्टोर में छापा मारा गया। यहां नशीली दवाइयों का जखीरा मिला है। एसडीएम ने ये दवाइयां मेडिकल स्टोर की छत में बने शौचालय से बरामद की। इस मेडिकल स्टोर का यह तीसरा मामला बताया गया है। पहले भी यहां प्रतिबंधित दवाइयां मिली थीं। दोनों दुकानें सील कर दी गई हैं। वहां पटवारी नरेंद्र गहतोड़ी, सतीश कुमार आदि थे।