खटीमा। शहीद मनोज सिंह रुमाल मेमोरियल फुटबॉल प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला नगरा की टीम ने 1-0 से जीत कर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। शनिवार को लोहियाहेड के गांधी मैदान में आयोजित 9वें शहीद मनोज सिंह रुमाल मेमोरियल फुटबॉल प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला नगरा एवं अमाऊं के बीच खेला गया। फाइनल मुकाबले का शुभारंभ मुख्य अतिथि बनबसा छावनी के कर्नल संकल्प राठौर ने दोनों खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया।
प्रतियोगिता के पहले हाफ में दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने गोल करने के काफी प्रयास किए। लेकिन दोनों टीमों के खिलाड़ी कोई गोल नहीं कर पाए। दूसरे हाफ में नगरा के खिलाड़ी पारस मेहरा ने एक मैदानी गोल दागकर अपनी टीम को 1-0 से बढ़त दिलाई। अमाऊं टीम के खिलाड़ियों ने गोल दागने के कई प्रयास किए, लेकिन नगरा के गोलकीपर कैलाश चंद ने उनके प्रयासों को नाकाम कर दिया। दूसरे हाफ का खेल समाप्त होने पर अमाऊं की टीम कोई गोल नहीं कर सकी। नगरा ने फाइनल मुकाबला 1-0 से जीतकर ट्रॉफी पर कब्जा जमा लिया। फाइनल मैच में रेफरी की भूमिका महेश ठाकुर, लाइनमैन नवीन मेहर और प्रकाश सामंत ने निभाई। विजेता और उपविजेता टीम को कर्नल राठौर ने ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। इस दौरान सभासद रेनू भंडारी, हरीश सिंह रुमाल, मोहन सिंह रुमाल, कल्यान सिंह ऐर, लाल सिंह सौन, विक्रम सिंह, पदम सिंह, एसपी सिंह, महेश ज्याला आदि मौजूद थे। संवाद