नगर पालिकाध्यक्ष सोनी राणा ने पुराने तहसील परिसर की 0.5757 हेक्टेयर भूमि पर पालिका का स्वामित्व बताया है। उन्होंने कहा कि पालिका ने नौ जुलाई 2015 के शासनादेश में निहित शर्तों के आधार पर शॉपिंग कांप्लैक्स, शहीद स्मारक, कार पार्किंग आदि के निर्माण का प्रस्ताव डीएम सहित शासन को भेजा था। उन्होंने इस जमीन को जिला विकास प्राधिकरण को सौंपने पर सवाल उठाए।
पालिकाध्यक्ष सोनी राणा ने अपने कैंप कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में बताया कि शासन से स्वीकृति मिलते ही नगरपालिका बोर्ड के पारित प्रस्ताव के तहत पीपीपी मोड पर कार्य कराए जाएंगे। कहा कि नगरपालिका की भूमि को सांस्कृतिक विभाग, जिला विकास प्राधिकरण को देने की कवायद की जा रही है। यह न्याय संगत नहीं है। राणा ने कहा कि नगरपालिका के पास अपनी इंच भर भी भूमि नहीं हैं और आय के पर्याप्त संसाधन भी नहीं हैं।