काशीपुर। टैक्सी चालकों और स्वामियों ने एसडीएम को शिकायती पत्र देकर गैर कानूनी तौर पर संचालित टूर एंड ट्रैवल कंपनियों को बंद कराने और राज्य में अपंजीकृत टैक्सियों के चालकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
शनिवार को कई टैक्सी चालक और स्वामी एसडीएम कार्यालय पहुंचे। शिकायती पत्र में उन्होंने कहा कि काशीपुर और आसपास के देहात क्षेत्र की अधिकतर टैक्सियां एआरटीओ कार्यालय में पंजीकृत हैं और उनके पास परमिट भी है लेकिन काशीपुर में कुछ फर्जी टूर कंपनियां भी सक्रिय हैं। बाहरी राज्यों की गाड़ियां उन्हें कमीशन देकर काशीपुर से बुकिंग ले रही हैं। दिल्ली और अन्य राज्यों से आने वाली टैक्सियों के चालकों से उत्तराखंड सरकार को कोई राजस्व प्राप्त नहीं होता। उन्होंने अनाधिकृत रूप से चल रही टैक्सियों का संचालन बंद करने और कथित टूर कंपनियां बंद कराने की मांग उठाई है। शिकायत करने वालों में महेंद्र सिंह, जरनैल सिंह हरप्रसाद, इरशाद, गोपाल सिंह धपोला, इंदाज हुसैन, विशाल विश्नोई, मो. रफी, गुरप्रीत सिंह व मनोज कुमार आदि थे।