Rudrapur: शादी की 14वीं वर्षगांठ पर पत्नी की मौत से नवल पर टूटा दुखों का पहाड़, पांच दिन पहले खोली थी दुकान
नवल और आरती ने अपनी शादी की 14वीं सालगिरह की पूरी तैयारी की थी, उनके बच्चों में भी उत्साह था लेकिन भाग्य को कुछ और ही मंजूर था। मंदिर से घर लाैट रहे दंपती का साथ हादसे से टूट गया। आरती के जीवन की लाै बुझने से परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं।
विस्तार
रुद्रपुर में नवल और आरती ने अपनी शादी की 14वीं सालगिरह को यादगार बनाने की पूरी तैयारी की थी। उनके बच्चों में भी उत्साह था लेकिन भाग्य को कुछ और ही मंजूर था। मंदिर में खुशहाल दांपत्य जीवन के लिए पूजा कर खुशी-खुशी घर लाैट रहे दंपती का साथ हादसे से टूट गया। आरती के जीवन की लाै बुझने से परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं।
मूलरूप से बरेली (यूपी) के देवचौरा थाना भमौरा निवासी नवल गुप्ता पत्नी आरती और दो बेटों के साथ दो साल से रंपुरा में किराये के मकान में रह रहे थे। सिडकुल में नौकरी कर रहे नवल का परिवार हंसी-खुशी जीवन की गाड़ी आगे बढ़ा रहा था। रविवार को दोनों ने तय किया था कि दिन की शुरुआत अटरिया मां के आशीर्वाद से करेंगे।
तय कार्यक्रम के तहत दोनों रविवार सुबह मंदिर पहुंचे। पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना करने के बाद घर लौट रहे थे। घर से केवल एक किमी पहले रोडवेज बस अड्डे के पास काल बनकर आए डंपर ने आरती को कुचल दिया। बाइक चला रहे नवल को अंदरूनी चोटें आईं हैं। सूचना पर पड़ोसियों के साथ दंपती के दोनों बच्चे नक्ष (12) और युवराज (10) भी मोर्चरी पहुंच गए। दोनों पिता से लिपटकर जार-जार रोने लगे। तीनों को रोता देख हर किसी की आंखें नम हो गई। हर कोई नियति को कोसने लगा। नक्ष नगर के निजी स्कूल में कक्षा सात में तो युवराज कक्षा छह में पढ़ता है।
बरेली से पहुंचे परिजन और रिश्तेदार
हादसे की सूचना पर बरेली से नवल गुप्ता के बुजुर्ग पिता राधेश्याम गुप्ता, इज्जतनगर से मृतका की बड़ी बहनें सपना गुप्ता, ममता गुप्ता, जीजा अशोक कुमार गुप्ता और भाई विजय कुमार गुप्ता रुद्रपुर पहुंच गए। सपना ने बताया कि नवल और आरती का विवाह 27 अप्रैल 2011 को हुआ था। आरती आखिरी बार तीन महीने पहले ममता गुप्ता की बेटी की शादी में मायके आई थी। पड़ोसी रुचिका गुप्ता ने बताया कि आरती बहुत ही नेकदिल और मिलनसार थी।
पांच दिन पहले ही खोली थी दुकान
कपड़ों की सिलाई की हुनरमंद आरती पति को आर्थिक मदद करना चाहती थी। उसने पांच दिन पहले 23 अप्रैल को रंपुरा में किराये का कमरा लेकर सिलाई की दुकान खोली थी। ग्राहक भी आने लगे थे। आरती परिवार की आर्थिकी मजबूत कर पाती, इससे पहले खुद ही दुनिया से रुखसत हो गई।
पति ने छह दिन पहले बदली थी नौकरी
मोर्चरी में पत्नी की मौत के गम में डूबे नवल गुप्ता ने बताया कि वह छह दिन पहले ही सिडकुल की पारस कंपनी में बतौर श्रमिक जुड़े थे। इससे पहले वह सिडकुल की दूसरी कंपनी में काम करते थे। हादसे की सूचना पर पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल मौके पर पहुंचे और मृतका के पति को सांत्वना दी। समाजसेवी सुशील गाबा ने भी पोस्टमार्टम हाउस पहुंच परिजनों को ढाढ़स बंधाया।
अब रुद्रपुर में नहीं रहना चाहता नवल
मोर्चरी पहुंचे नवल गुप्ता के पिता राधेश्याम गुप्ता बार-बार कह रहे थे कि वह शुरू से नवल के रुद्रपुर आने के खिलाफ थे। जबसे नवल बच्चों के साथ रुद्रपुर आया, वह लगातार उस पर लौटने का दबाव डाल रहे थे। हाल में भी उन्होंने बच्चों समेत घर लौटने के लिए कहा था। बताया कि पहले नवल उनके साथ ही देवचौरा की अनाज मंडी में काम करता था। वह चाहते थे कि नवल फिर से वहीं काम करे, लेकिन वह नहीं माना। नवल गुप्ता का कहना है कि अब वह रुद्रपुर नहीं रहना चाहता। बच्चों के साथ घर लौट जाएगा।