काशीपुर के सिडकुल में प्लांट लगाएगी हिमालया वाइंस
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विश्व की नामी वाइन कंपनी हिमालया वाइंस काशीपुर के औद्योगिक क्षेत्र में अपना कारोबार फैलाने जा रही है। इसके साथ ही वर्षों से सुनसान पड़े इस औद्योगिक क्षेत्र में प्लांट लगाने वाली यह पहली कंपनी भी होगी। इसके लिए कंपनी को ढाई एकड़ जमीन आवंटित की जा चुकी है और कंपनी ने लाइसेंस के लिए शासन में आवेदन भी कर दिया है। कंपनी यहां बनने वाली वाइन को दूसरी जगहों पर सप्लाई करने के साथ ही पुणे की तर्ज पर बुटीक वाइन हाउस में प्रीमियम ग्राहकों को वाइन भी उपलब्ध कराएगी। कंपनी में सौ से अधिक लोगों को रोजगार भी मिलेगा।
दरअसल काशीपुर में वर्षों पहले एस्कार्ट फार्म की करीब 215 एकड़ भूमि में सिडकुल ने औद्योगिक क्षेत्र विकसित किया गया था लेकिन तमाम प्रयासों के बाद भी इस क्षेत्र में किसी कंपनी ने निवेश में दिलचस्पी नहीं दिखाई। अब सरकार और सिडकुल के प्रयासों के फलस्वरूप यूके बेस्ड कंपनी हिमालया वाइंस ने सिडकुल में प्लांट लगाने पर हामी भरी और एमओयू साइन होने के बाद कंपनी को जमीन का आवंटन भी हो गया है। यह कंपनी रेड, व्हाइट, रोज वाइन के साथ ही बीयर और वाइल्ड टाइगर रम बनाती है।
कंपनी अपने उत्पादों को यूरोप और अंतरराष्ट्रीय बाजार में बेचती है। यह कंपनी 25 वर्षों से फूड एवं ड्रिंक इंडस्ट्री में काफी विख्यात है। कंपनी यहां कौन सी वाइन और बीयर बनाएगी, अभी यह साफ नहीं हो सका है। फिलहाल नामी कंपनी के सिडकुल काशीपुर में पदार्पण से जहां सैकड़ों लोगों को रोजगार के अवसर मिलेंगे, वहीं सिडकुल के लिए भी यह उपलब्धि होगी। इससे पूर्व भी नामी बहुराष्ट्रीय कंपनी मोनिन को लाने की कोशिश हुई थी लेकिन वह योजना परवान नहीं चढ़ सकी थी।
हिमालया वाइंस को सिडकुल में ढाई एकड़ जमीन आवंटित कर दी गई है। यह कंपनी अपना प्लांट और बुटीक वाइन हाउस भी खोलेगी। इसमें यूरोपियन कल्चर के तहत प्रीमियम कस्टमरों के लिए वाइंस उपलब्ध होंगी। कंपनी ने प्लांट के लिए जरूरी लाइसेंस के लिए शासन में आवेदन किया है। लाइसेंस मिलने के बाद कंपनी प्लांट का काम शुरू करेगी। सिडकुल काशीपुर में यह पहली कंपनी होगी, जो अपना प्लांट लगाने जा रही है। इससे लोगों को रोजगार के अवसर भी मिलेंगे। इसके अलावा 35 एकड़ क्षेत्र में अरोमा पार्क स्थापित करने की भी कवायद चल रही है। - गिरधर सिंह रावत, क्षेत्रीय प्रबंधक, सिडकुल काशीपुर।