काशीपुर। पूर्व सीएम हरीश रावत ने कहा कि भाजपा ने उत्तराखंड में सरकार बनाते समय गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाने का संकल्प लिया था लेकिन अब मुख्यमंत्री कह रहे हैं कि विधायकों को गैरसैंण में ठंड लगेगी। विधायक वहां कैसे जाएं। हरदा ने गैरसैंण की उपेक्षा के विरोध में 4 दिसंबर को गैरसैंण में एक दिन के उपवास पर बैठने की घोषणा की है। इधर, रावत ने कहा कि पिथौरागढ़ उपचुनाव देर से होने के कारण कांग्रेस प्रत्याशी की हार हुई है।
बृहस्पतिवार देर शाम पूर्व सीएम हरीश रावत ने स्टेडियम के निकट एक कांपलेक्स में पत्रकार वार्ता में कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार स्थायी तो है लेकिन गतिहीन है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार सरकारी संस्थानों को चलाने के बजाए एक-एक कर प्राईवेट हाथों में दे रही है। सरकार ने सितारगंज चीनी मिल के आधुनिकीकरण के लिए रुपया रिजर्व कर दिया था। इसके बावजूद भाजपा सरकार ने मिल बंद कर दी। अपने किसी आदमी को पीपीपी मोड में देने के लिए साजिशन मिल बंद की है। इससे पहले कांग्रेस कार्यकर्ता शिवम शर्मा, शुभम उपाध्याय, विशु शर्मा, पवन शर्मा, सौरभ मेहरोत्रा, देवेंद्र रावत, हरेंद्र असवाल, खड़क सिंह, अर्पित शर्मा, निशु शर्मा आदि ने रावत का स्वागत किया।