सितारगंज। उत्तर प्रदेश 29वीं नॉर्थ जोन ताइक्वांडो चैंपियनशिप प्रतियोगिता में सितारगंज के बच्चों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया और स्वर्ण, रजत व कांस्य पदक जीते।
रविवार को सिसौना गांव के सरस्वती शिशु मंदिर के ताइक्वांडो खिलाड़ियों के लौटने पर स्कूल में सभी का भव्य स्वागत किया गया। कोच शेर सिंह राणा, शेर बहादुर थापा, टीम मैनेजर बख्शीश सिंह और मुन्नी देवी ने बताया कि 2020 में होने वाली 29वीं नॉर्थ जोन ताइक्वांडो चैंपियनशिप प्रतियोगिता इस बार 17 और 18 सितंबर को बरेली में आयोजित की गई। यहां के बच्चों ने उत्तराखंड ताइक्वांडो एसोसिएशन के नेतृत्व में शानदार प्रदर्शन किया। इसमें भाव्या राणा, नितिन धामी ने स्वर्ण, शेखर गंगवार, प्रियांशु चौहान व सुमित आर्या ने रजत, मीमांसा, कुमकुम, भूमिका, पीयूष, नवदीप धामी और पीयूष राणा ने कांस्य पदक जीता। उनकी जीत से क्षेत्र के लोग गौरवान्वित हैं। खिलाड़ियों ने अपनी सफलता का श्रेय स्कूल को दिया है। प्रधानाचार्य शुभेंदु गुप्ता और शिक्षकों ने उन्हें बधाई दी।