बाजपुर/केलाखेड़ा। एसीएमओ अविनाश खन्ना ने टीम के साथ क्षेत्र के निजी अस्पतालों में छापा मारा। खामियां मिलने पर पांच अस्पतालों को सील कर दिया। कार्रवाई से आसपास के क्लीनिक संचालक अपने-अपने संस्थान बंद कर खिसक गए। एक अस्पताल के संचालक को पंजीकरण के अभिलेख दिखाने के लिए शुक्रवार को तलब किया गया है।
बृहस्पतिवार को एसीएमओ ने टीम के साथ बाजपुर दोराहा चौक स्थित नवजीवन, हयात और वरदान अस्पतालों में छापा मारा। एसीएमओ ने बताया कि नवजीवन अस्पताल का पंजीकरण नहीं पाया गया। अस्पताल के एक कक्ष से गर्भपात करने के उपकरण भी मिले हैं। अस्पताल में कोई डॉक्टर भी नहीं मिला। जबकि हयात और वरदान अस्पताल के मौके पर पंजीकरण अभिलेख नहीं मिले। जिस पर तीन अस्पतालों को सील कर दिया। वरदान के संचालक ने पंजीकरण होने की बात कही है। जिस पर संचालक को शुक्रवार को अभिलेखों के साथ तलब किया है। डिप्टी सीएमओ ने बताया कि केलाखेड़ा में फिदानगर रोड स्थित एसबी मेडिकल स्टोर के पीछे एक कमरे में बिना चिकित्सा उपाधि के इलाज करने की शिकायत सीएम पोर्टल पर की गई थी। इसी शिकायत के आधार पर छापा मारा गया। खामियां मिलने पर मेडिकल स्टोर के पीछे चल रहे क्लीनिक को सील कर दिया गया। वहीं, खामियां मिलने पर फिदानगर मोड़ स्थित अवैध रूप से चल रहे क्लीनिक को भी सील कर दिया गया। मौके पर प्रदीप मेर, शंकर गुप्ता आदि थे।