फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र बनाने पर दंपति पर धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज
षड्यंत्र के तहत फर्जी दस्तावेज तैयार कर सितारगंज निवासी व्यक्ति का मृत्यु प्रमाण पत्र तैयार कर दिया है। आरोप है कि इसके बाद आरोपी दंपति पर उसकी जमीन को विरासतन अपने नाम दर्ज करवा लिया।
पीड़ित की तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी दंपति के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
सितारगंज के ग्राम नहरा निवासी देवी दत्त ने पुलिस को सौंपी तहरीर में कहा है कि उसके नाम पर सितारगंज के टुकरी में 10 लाख रुपये कीमत की जमीन है।
आरोप लगाया कि ट्रांजिट कैंप निवासी सीताराम और उसकी पत्नी रजनी ने एक षड्यंत्र के तहत अपने पिता देवी दत्त का मृत्यु प्रमाण पत्र बनवा लिया। इस मृत्यु प्रमाण पत्र के आधार पर उसने खुद को उसका पुत्र बताते हुए उसकी टुकरी में स्थित जमीन को विरासतन अपने नाम करवा लिया।
इसका पता चलते ही जब उसने सीताराम से बात की तो वह धमकी देने लगा। मामले की तहरीर पर पुलिस ने सीताराम और उसकी पत्नी रजनी के खिलाफ धारा 420, 467, 468 और 471 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।