सो रही पत्नी की गला रेतकर हत्या
अलाविर्दी गांव में घरेलू कलह के चलते राजमिस्त्री का काम करने वाले पति ने घर में सो रही पत्नी का गला रेतकर हत्या कर दी। परिजनों की चीख-पुकार पर आसपास के लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। सीओ डा. उत्तम सिंह नेगी और कोतवाल अजय ध्यानी ने भी घटना स्थल का जायजा लिया।
किलपुरा रेंज के जंगल के किनारे अलाविर्दी गांव निवासी पतिराम मौर्य ने रविवार रात करीब 11:30 बजे पत्नी सुषमा मौर्य (37) का गला धारदार हथियार से उस समय रेत दिया, जब वह सो रही थी। पत्नी की चीख से पास के कमरे में सो रहे बच्चे उठ गए और वहां की स्थिति देख चीख-पुकार करने लगे। चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग भी वहां पहुंच गए और उन्होंने घटना की जानकारी ग्राम प्रधान बेचे सिंह और फिर प्रधान ने पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी पतिराम मौर्य को हिरासत में ले लिया। इधर, सीओ डा. नेगी और कोतवाल ध्यानी ने घटना स्थल का जायजा लिया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। उन्होंने बताया कि दंपति में अक्सर झगड़ा और मारपीट होती रहती थी। कुछ लोगों का कहना था कि पतिराम को अपनी पत्नी पर शक था, जिसके चलते उसने घटना को अंजाम दिया है। मृतक महिला के दो बेटे और दो बेटियां हैं, जिसमें राजेंद्र कुमार 11वीं, मिथिलेश कुमारी नवीं, पूजा छठवीं और रोहित यूकेजी में पढ़ते हैं। बता दें कि पतिराम मौर्य का परिवार मूलरूप से सपापुर पटना थाना भुतहा तहसील फरीदपुर जिला बरेली (यूपी) निवासी है और करीब छह साल पहले अलाविर्दी गांव में आकर बसा है।