Bazpur: निजी कंपनी के चेक पोस्ट पर खनन वाहनों को लेकर विवाद, देर रात फायरिंग से अफरातफरी; दो घायल
बाजपुर के पिपलिया स्थित कैलाश रिवर बैंड मिनरल एलएलपी के रायल्टी चेक पोस्ट पर वाहनों को लेकर पथराव और फायरिंग हो गई। घटना हेल्पर सहित दो लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने मौके से दो राइफल, एक पिस्टल और एक खोखा बरामद किया है।
विस्तार
पिपलिया स्थित कैलाश रिवर बैंड मिनरल एलएलपी के रायल्टी चेक पोस्ट पर वाहनों को लेकर पथराव और फायरिंग हो गई। घटना हेल्पर सहित दो लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने मौके से दो राइफल, एक पिस्टल और एक खोखा बरामद किया है। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर अज्ञात लोगों के मुकदमा दर्ज किया है।
रविवार रात साढ़े बारह बजे सुल्तानपुर पट्टी के गांव पिपलिया स्थित कैलाश रिवर बैंड मिनरल एलएलपी के चेक पोस्ट पर खनन वाहनों को लेकर विवाद हो गया। इस दौरान हुई फायरिंग और पथराव से अफरातफरी मच गई। घटना में सुल्तानपुर पट्टी के मोहल्ला आदर्शनगर निवासी मोहित और यूपी के गांव घोसीपुर रामपुर निवासी फरमान अली घायल हो गए। घायलों को एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाजपुर कोतवाल मनोज रतूड़ी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। रातभर पुलिस बल तैनात रहा। पथराव से मौके पर खड़ी चार वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए। पुलिस टीम ने चेक पोस्ट कक्ष से दो राइफल और एक खोखा भी बरामद किए हैं।
ये पढ़ें- Baba Tarsem Singh murder: पहाड़ से तराई और यूपी तक बाबा तरसेम सिंह की संपत्ति, अब जांच कर रही पुलिस
कंपनी मैनेजर विनय कुमार आहलूवालिया और सुल्तानपुर पटटी निवासी माजिद तहरीर अज्ञात लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच सुल्तानपुर पट्टी पुलिस चौकी प्रभारी अर्जुन गिरी को सौंपी गई है। पुलिस ने मौके से माइनिंग कंपनी चेक पोस्ट से लाइसेंसी दो राइफल, एक पिस्टल और एक खोखा बरामद किया है। - अन्नराम आर्य, सीओ बाजपुर
पांच दिन में दो चेक पोस्ट पर दो घटनाएं
पांच दिन में माइनिंग कंपनी के दो चेक पोस्ट पर दो घटनाएं हो चुकी है। बुधवार को यूपी बार्डर दोराहा चेक पोस्ट पर खनन से भरे डंपर को रोकने पर दो पक्षों के बीच धक्का मुक्की हुई थी। इसमें मोहल्ला मजरा प्रभु निवासी विजय कुमार ने तहरीर देकर डंपर चालक पर मारपीट करने का आरोप लगाया था। इस मामले में दोराहा पुलिस अभी जांच कर रही है। इधर सुल्तानपुर पट्टी स्थित पिपलिया चेक पोस्ट पर वाहनों को लेकर भी पथराव और फायरिंग की घटना हुई है।
बंद रहा चेक पोस्ट
गांव पिपलिया स्थित चेक पोस्ट पर हुई घटना के बाद सोमवार को चेक पोस्ट बंद रहा। रातभर पुलिस बल चेक पोस्ट पर मुस्तैद रहा। इधर पुलिस ने पूछताछ के बाद चार लोगों को छोड़ दिया।