काशीपुर। स्टोन क्रशरों के खिलाफ चल रही किसानों की भूख हड़ताल तीसरे दिन भी जारी रही। प्रशासन की ओर से अब तक कोई कदम नहीं उठाए जाने से ग्रामीणों में रोष है। जल एवं पर्यावरण सुरक्षा समिति से जुड़े सदस्य बीती 24 फरवरी से ग्राम जुड़का में अवैध खनन और जल दोहन के विरोध में आंदोलन कर रहे हैं। तीनों स्टोन क्रशर के खिलाफ भाकियू, भीम आर्मी व अन्नदाता संगठन भी समिति के साथ आंदोलन को समर्थन दिया है।
आंदोलन के 11वें दिन और भूख हड़ताल के तीसरे दिन पूर्व प्रधान चरनजीत सिंह, अमनप्रीत सिंह, हरदीप सिंह के साथ रजविंदर कौर, मीरा कौर, गुड्डी कौर बैठी। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होती, भूख हड़ताल जारी रहेगी। कहा कि स्टोन क्रशर संचालक नियमों को ताक में रखकर अवैध खनन कर रहे हैं। इसके बावजूद प्रशासन कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है। ग्रामीणों ने कहा कि वह सात मार्च को डीएम कार्यालय का घेराव करेंगे। संवाद