फाइलों में कैद है अग्निशमन प्रशिक्षण केंद्र
प्रदेश के एकलौते अग्निशमन प्रशिक्षण की योजना फाइलों में कैद होकर रह गई है। पांच साल पहले विभाग को चार एकड़ जमीन मिल चुकी है, लेकिन विभाग को बजट का इंतजार है।
बजट को लेकर कई बार शासन में प्रस्ताव भेजा भी जा चुका है। प्रशिक्षण केंद्र के अभाव में एफएसओ और एफएसएसओ को प्रशिक्षण लेने यूपी के उन्नाव स्थित केंद्र में जाना पड़ता है।
प्रदेश में फायरमैन और लीडिंग फायर मैन का प्रशिक्षण पुलिस लाइन में दिए जाते हैं। लेकिन एफएसओ और एफएसएसओ के प्रशिक्षण की कोई व्यवस्था प्रदेश मेें नहीं है। जिसके प्रशिक्षण के लिए प्रशिक्षुओं को अग्निशमन प्रशिक्षण केंद्र उन्नाव भेजा जाता है।
हालांकि वर्ष 2014 में एफएसओ के प्रशिक्षुओं को 31वीं वाहिनी पीएससी में मौजूद संसाधनों से प्रशिक्षण दिया गया था। लेकिन अग्निशमन विभाग को प्रशिक्षण केंद्र की जरूरतों को देखते हुए वर्ष 2010 में स्पोर्ट्स स्टेडियम के पीछे 4 एकड़ मिल चुकी है।
योजना के अनुसार जमीन में टावर, स्वीमिंग के लिए तालाब, क्लास रुम, परेड ग्राउंड, फायर ड्रिल के साथ ही आपदा के प्रशिक्षण के लिए भी संसाधन और प्रशिक्षक होंगे। विभाग की तरफ से कईं बार प्रस्ताव भी भेजे गए, लेकिन अभी तक बजट मंजूर नहीं हो सका है। बजट नहीं मिलने की वजह से केंद्र की नींव तक नहीं रखी जा सकी है।