{"_id":"6b59dc859f86dbe2e22f8cd300261f2c","slug":"broad-daylight-robbery-police-arrested-two-men-running-away-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"दिन दहाड़े लूट कर भाग रहे दो बदमाशों को पुलिस ने दबोचा ","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
दिन दहाड़े लूट कर भाग रहे दो बदमाशों को पुलिस ने दबोचा
ब्यूरो/अमर उजाला ब्यूरो/काशीपुर।
Updated Mon, 28 Sep 2015 12:29 AM IST
विज्ञापन
दिन दहाड़े एक फोटो स्टूडियो के फोटोग्राफर से कैमरा व पर्स को लूट कर भाग रहे दो बदमाशों को चीता पुलिस ने दबोच लिया। उनके पास से लूटा गया सामान, एक तमंचा, कारतूस व चाकू बरामद हुआ है। चीता पुलिस की इस त्वरित एवं साहसिक कार्य पर एएसपी ने दोनों पुलिस कर्मियों को नकद डेढ़ हजार रुपया एवं प्रशस्ति पत्र देने की घोषणा की है।
विज्ञापन
रविवार की शाम लगभग छह बजे माता मंदिर रोड पर दो युवकों ने तमंचा व चाकू की नोक पर विजय फोटो ग्राफर की दुकान में लूट की। पीएनबी के बराबर में स्थित फोटोग्राफर स्टूडियो में दो युवक फोटो खिंचवाने के नाम से अंदर गए। मौका देखते ही उन्होंने फोटो स्टूडियो के मालिक एवं फोटोग्राफर राजेंद्र कोरंगा पुत्र गंगा सिंह कोरंगा निवासी आवास विकास पर तमंचा तान कर कैमरा व जेब से फर्स छीनने का प्रयास किया। जब फोटोग्राफर ने कैमरा नहीं छोड़ा तो बदमाशों ने उस पर चाकू से ताबड़तोड़ कई बार हमला कर घायल कर दिया। उसका कैमरा, पर्स लूट कर एमपी चौक की तरफ पैदल भाग गए। खून से लहुलुहान फोटोग्राफर दुकान से बाहर आकर चिल्लाने लगा। इस दौरान चीता मोबाइल पर सिपाही दिनेश कुमार व अशोक कुमार उधर से गुजर रहे थे। फोटोग्राफर को खून से सना देख कारण पूछा तो फोटोग्राफर ने बताया दो युवक उसे लूट कर एमपी चौक की तरफ भाग गए हैं। चीता पुलिस ने बिन रुके पीछा कर दोनों को दबोच लिया। इस खबर के फैलते ही हड़कंप मच गया। दोनों को पहले कटोराताल ले गए। उनके पास से 315 बोर को एक तमंचा कई कारतूस, एक चाकू और दुकान से लूटा गया सामान बरामद हुआ। कोतवाल वीके जेठा, चौकी प्रभारी अरुण सैनी,एसएसआई अरुण कुमार ने दोनों से पूछताछ की। सूचना मिलते ही एएसपी कमलेश उपाध्याय कोतवाली पहुंची। दोनों आरोपी युवकों से पूछताछ की उन्होंने अपने को आावास विकास किच्छा का निवासी बताया। एएसपी ने युवकों को पकडने वाले चीता मोबाइल के सिपाही अशोक कुमार व दिनेश की सराहना की। समाचार लिखे जाने तक मुकदमा दर्ज नहीं हुआ है।
विज्ञापन