चोरी के कैंटर के साथ दो चोर गिरफ्तार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
काशीपुर। चोरी के कैंटर काटकर बेचने वाले दो चोरों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पकड़े गए चोरों के तीन साथी फरार बताए जा रहे हैं। चोर वाहन चोरी कर आसानी से उसे दूसरे कागजों पर बेच देते थे। बचे हुए माल को स्क्रेप के रुप में बेचते थे।
बृहस्पतिवार को एएसपी कमलेश उपाध्याय ने घटना का खुलासा करते हुए बताया कि पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान डिजाइन सेंटर से गगन उर्फ गोरू निवासी ग्राम मानपुर थाना काशीपुर और बिच्छन उर्फ अतीक निवासी कवि नगर काशीपुर को गिरफ्तार किया। जिनके कब्जे से थाना समरपुर बादली दिल्ली से चोरी गया कैंटर 709 ईएक्स बरामद किया गया। दोनों से कड़ी पूछताछ में उन्होंने बताया कि उनके साथ चोरी में शाकिर उर्फ डंपी निवासी लक्ष्मीपुर मझरा थाना काशीपुर, अमित चौहान निवासी छीना फार्म काशीपुर और हाजी खलील निवासी किशनपुर गावड़ी थाना ठाकुरद्वारा जिला मुरादाबाद शामिल हैं। एएसपी उपाध्याय ने बताया कि दोनों की निशानदेही पर अमित चौहान के छीना फार्म स्थित मकान से दिल्ली से अन्य चोरी की घटना में चुराई गई गाड़ी का केबिन भी बरामद किया गया है। आरोपियों ने बताया कि वह फाइनेंस की पुरानी गाड़ियों को खरीदकर अमित चौहान के मकान पर काटकर कबाड़ में सरदार अतर सिंह निवासी सीएनजी पंप के सामने मायापुरी दिल्ली में बेचते थे। पकड़े गए दोनों आरोपियों ने बताया कि अमित चौहान भी उनके साथ शामिल था। बताया जाता है कि अमित चौहान भाजपा कार्यकर्ता व सांसद प्रतिनिधि है। वहीं, भाजपा जिलाध्यक्ष राम मेहरोत्रा ने बताया कि अमित चौहान सांसद प्रतिनिधि तो हैं लेकिन किस विभाग के हैं इसकी जानकारी उन्हें नहीं हैं। उन्होंने बताया कि यदि आरोप सिद्ध होते हैं तो उन्हें पार्टी से हटाया जाएगा। सभी आरोपियों पर आईपीसी की धारा 420, 411, 413, 414 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। दोनों आरोपियों को पकड़ने वाली पुलिस टीम में कोतवाल वीके जेठा, एसआई अरुण कुमार सैनी, कुलदीप सिंह, संदीप पुंडीर, कुंदन नेगी, प्रमोद कुमार शामिल है।