Uttarakhand News: जांच का आश्वासन, किसानों का दस घंटे धरना और आमरण अनशन खत्म
ऊधमसिंह नगर के जसपुर में धान की तौल में धांधली के आरोपों की जांच होगी। किसानों की अन्य मांगों को भी पूरा किया जाएगा।
विस्तार
ऊधमसिंह नगर के जसपुर में धान की तौल में धांधली के आरोपों की जांच होगी। किसानों की अन्य मांगों को भी पूरा किया जाएगा। फोन पर एसडीएम के इस आश्वासन के बाद उत्तराखंड राइस मिलर एसोसिएशन के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष निकेश चंद्र अग्रवाल ने किसान जगजीत सिंह भुल्लर को जूस पिलाकर उन्हें आमरण अनशन से उठाया। उनके समर्थन में बैठे किसानों ने भी देर रात 10 घंटे बाद धरना समाप्त किया। इससे पुलिस प्रशासन ने राहत की सांस ली।
भाकियू के युवा प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र सिंह एवं ब्लॉक अध्यक्ष अमनप्रीत सिंह के नेतृत्व में किसानों ने एसएमओ कौशल कुमार पर धान तौल में धांधली का आरोप एवं अन्य मांगों के लिए बीते शुक्रवार को सुभाष चौक पर धरना दिया था। उनकी मांग थी कि संबंधित अधिकारी उनसे वार्ता कर मामले का निस्तारण करें। एसडीएम और तहसीलदार के बाहर होने तथा विभागीय अफसरों के नहीं पहुंचने से किसानों का आक्रोश और बढ़ गया था।
किसानों के आक्रोश को देखते हुए एसडीएम अभय प्रताप सिंह ने देर रात किसानों को फोन पर आश्वस्त किया कि धांधली के आरोपों की जांच होगी। सोमवार से तुले हुए धान का भुगतान उनके खातों में होना शुरू हो जाएगा। साथ ही लिमिट भी बढ़ाई जाएगी। तय हुआ है कि सोमवार को एसडीएम किसानों से मुलाकात करेंगे। वहां सुरजीत सिंह, सुखदीप सिंह, परमजीत, गुरविंद्र सिंह, गुरमेज, बलजिंदर, हरप्रीत कौर, दिव्या सिंह, महिमा, गगनदीप सिंह आदि थे।