काशीपुर/जसपुर/बाजपुर। संयुक्त मजिस्ट्रेट के स्थानांतरण की मांग के लिए अधिवक्ताओं का प्रदर्शन बृहस्पतिवार को 11वें दिन भी जारी रहा। वकीलों ने संयुक्त मजिस्ट्रेट कार्यालय के बाहर जमकर नारेबाजी की। बृहस्पतिवार को प्रदर्शन कर रहे अधिवक्ताओं ने तहसील और सब रजिस्ट्रार कार्यालय में कामकाज बंद करा दिया। इधर, जसपुर और बाजपुर में भी अधिवक्ताओं ने कार्य बहिष्कार किया।
बृहस्पतिवार को अधिवक्ताओं ने संयुक्त मजिस्ट्रेट आकांक्षा वर्मा पर वकीलों के साथ दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए नारेबाजी की। दोपहर करीब 12 बजे अधिवक्ता तहसील और सब रजिस्ट्रार कार्यालय में पहुंचे। उन्होंने तहसील में अरायजनवीसों, दस्तावेज लेखकों का भी कामकाज बंद करा दिया। दोपहर एक बजे एसोसिएशन के अध्यक्ष इंदर सिंह की अध्यक्षता में एक बैठक हुई। बैठक में संयुक्त मजिस्ट्रेट के खिलाफ चल रहे आंदोलन में आसपास के शहरों के वकीलों से भी सहयोग लेने पर सहमति बनी। वहां बार सचिव संदीप सहगल, अब्दुल सलीम, वीरेंद्र चौहान, जयनंदन अग्रवाल, विपिन अग्रवाल, ओमप्रकाश अरोरा, कामिनी अग्निहोत्री, नीलू रानी आदि थे। वहीं, जसपुर में बार एसोसिएशन ने आमसभा कर काशीपुर बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं को समर्थन दिया। अधिवक्ताओं ने सभी न्यायालयों एवं उप निबंधक कार्यालय में बृहस्पतिवार को कार्य बहिष्कार किया। वहां पर बार एसोसिएशन अध्यक्ष दिनेश शर्मा, मुनेश कुमार सिंह, दिग्विजय सिंह, सुंदर पाल सिंह, राजवीर सिंह, रवीश जैन, मनोज जोशी आदि थे। वहीं, बाजपुर में भी बृहस्पतिवार को बाजपुर बार एसोसिएशन के अध्यक्ष शिवराज सिंह राणा की अगुवाई में सदस्यों ने काशीपुर के वकीलों के समर्थन में न्यायिक कार्यों का बहिष्कार किया। वहां पर विजय गर्ग, योगेश पाठक, हीरा शर्मा, सूरज शर्मा, इकबाल हुसैन, जरनैल सिंह, अभिलाष, वसीम आदि थे।