टिहरी झील को विश्वस्तरीय पर्यटन स्थल बनाने के लिए विश्व बैंक ने खजाना खोल दिया है। विश्व बैंक ने झील क्षेत्र के विकास के लिए 1210 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति दे दी है, जिससे अब उम्मीद है कि जल्द ही स्वीकृत धनराशि जारी होगी और झील के विकास के लिए योजनाएं धरातल पर उतरेंगी। इस योजना के बनने से टिहरी और आसपास के क्षेत्र में अवस्थापना सुविधाओं का विकास होगा।
टिहरी झील में साहसिक पर्यटन गतिविधियों को संचालित करने, आसपास की सड़कों को बेहतर बनाने, तिवाड़ गांव, सांदणा गांव को होम स्टे ग्राम बनाने, व्यू प्वाइंट, हर्बल गार्डन, एडवेंचर पार्क, साइकिल पार्क, आयुष ग्राम, म्यूजियम, मल्टी स्टोरी पार्किंग, शौचालय, स्वीमिंग पुल, सुरकंडा में पर्यटन सुविधाएं बढ़ाने और नई टिहरी, बौराड़ी के सौंदर्यीकरण आदि कार्यों के लिए दिसंबर 2019 में विश्व बैंक ने 12 सौ 10 करोड़ रुपये की सैद्धांतिक स्वीकृति दी थी। 2020 में कोरोना संक्रमण के कारण परियोजना का क्रियान्वयन नहीं हो पाया। टिहरी विधायक डा. धन सिंह नेगी ने बताया कि अब विश्व बैंक ने इस परियोजना के लिए वित्तीय स्वीकृति प्रदान कर दी है। उन्होंने मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज का आभार जताया। कहा कि परियोजना शुरू होने से टिहरी झील अंतरराष्ट्रीय स्तर का सबसे बेहतरीन साहसिक पर्यटन गंतव्य बनेगा। विधायक ने बताया कि एक-दो माह में प्रोजेक्ट पर कार्यदायी संस्था काम शुरू कर देगी।