टिहरी रिसायत को राजशाही से आजाद करवाने के लिए संघर्ष करने वाले जन नायक अमर शहीद श्रीदेव सुमन की जीवन गाथा पर फिल्म बनाने का काम शुरू हो गया है। पहाड़ी फिल्म्स के बैनर तले श्रीदेव सुमन उत्तराखंडी फीचर फिल्म का उनके पैतृक गांव जौल में मुहूर्त किया गया। करीब एक करोड़ के बजट से बनने वाली फिल्म में राजशाही, स्वाधीनता आंदोलन और प्रजामंडल के तत्कालीन समय के क्रियाकलापों को दिखाया जाएगा।
फिल्म यूनिट के सदस्यों ने पत्रकार वार्ता कर इसकी जानकारी दी। निर्माता विक्रम पहाड़ी ने बताया कि सोमवार (आज) सिलोगी गांव में फिल्म की विधिवत शूटिंग शुरू होगी। फिल्म के निर्देशक बृज रावत हैं, जबकि राजेंद्र नेगी, पवन चौबे और लोक गायक पदम गुसाईं सहायक निर्देशक की भूमिका में है। पहाड़ी ने बताया कि युवा पीढ़ी को श्रीदेव सुमन के संघर्ष के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं है। उन्होंने राजशाही के खिलाफ 84 दिन की भूख हड़ताल की, जिसके फल स्वरूप टिहरी रियासत का स्वतंत्र भारत में विलय हुआ। कहा कि करीब एक माह तक चंबा, कोट, जौल, नई टिहरी आदि स्थानों पर शूटिंग की जाएगी। इस अवधि में वह व्रत रखकर फिल्म की शूटिंग करेंगे। कहा कि दर्शकों और सरकार का समर्थन मिला, तो इसके बाद बद्रीदत्त पांडेय, वीर गबर सिंह पर भी फिल्म बनाई जाएगी। जौल गांव में श्रीदेव सुमन के पौत्र मस्तराम बडोनी से भी मिलकर फिल्म बनाने की जानकारी दी गई है।