टिहरी में श्रीदेव सुमन विवि का परिसर खोलने को लेकर कोई निर्णय नहीं लिए जाने पर छात्रों ने कुलपति दफ्तर के बाहर प्रदर्शन किया। छात्र नेताओं ने कहा कि विवि की लापरवाही के कारण टिहरी में कैंपस खोलने का प्रस्ताव फाइलों में ही रेंग रहा है। उन्होंने मामले में शीघ्र ही सकारात्मक कार्रवाई नहीं करने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।
बृहस्पतिवार को एसआरटी परिसर के छात्रों ने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए विवि का कैंपस टिहरी में खोलने की मांग लंबे समय से जा रही है, लेकिन विवि के स्तर पर ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। एसआरटी परिसर छात्रसंघ अध्यक्ष अंकित सजवाण ने कहा कि पूर्व में छात्रों ने देहरादून में कैंप कार्यालय बंद करने, विवि मुख्यालय के आसपास परिसर खोलने सहित कई मांगों को लेकर आंदोलन किया था। इस पर उच्च शिक्षा राज्य मंत्री धन सिंह रावत ने कुलपति को कार्रवाई के निर्देश दिए थे, लेकिन विवि के स्तर पर मामले में सकारात्मक कार्रवाई नहीं की जा रही है। छात्रों ने मांगों के संबंध में विवि के परीक्षा नियंत्रक डा. आरएस चौहान को ज्ञापन भी सौंपा। डा. चौहान ने कहा यदि बादशाहीथौल से राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय शिफ्ट हो जाता है, तो विवि बीकॉम आनर्स और वाटर स्पोर्ट्स पाठ्यक्रम इसी सत्र से शुरू करने को तैयार है। बुधवार को हुई शैक्षिक परिषद की बैठक में यह प्रस्ताव पारित हो चुका है। स्कूल भवन निर्माण करने को विवि शिक्षा विभाग को 30 लाख और टिहरी विधायक धन सिंह नेगी 10 लाख की धनराशि देने को तैयार है, लेकिन स्कूल भवन को खाली करने के लिए शासन-प्रशासन के स्तर उचित निर्णय नहीं लिया जा रहा है। प्रदर्शनकारियों में छात्र नेता सचिन सजवाण, प्रदीप सजवाण, रवि रावत, साहिल सजवाण, विजय नेगी और कामेश नेगी आदि शामिल थे।