ग्रामीण विकास योजनाओं में असाधारण काम करने वाली पंचायतों को पुरस्कृत किया जाएगा। ब्लाक प्रमुख शिवानी बिष्ट ने कहा कि जो ग्राम पंचायतें बेहतर कार्य करेगी उस गांव के प्रधान को वित्तीय वर्ष की समाप्ति पर पुरस्कार दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि बीडीसी बैठक से दो सप्ताह पहले सदस्यों को पत्र भेजकर अपनी समस्याओं से अवगत कराएं।
गांवों के बुनियादी विकास में पंचायतों की भूमिका का अहम रोल है। माना जाता है कि भारत की आत्मा गांवों में बसती है। रामायण, महाभारत काल में भी शासन की सबसे छोटी ईकाई गांव ही रहे हैं। समाज के अंतिम छोर पर खेत-खलिहान में काम कर रहे मुनष्य तक प्रगति का लाभ दिलाने के लिए गांव का विकास होना जरूरी है। केंद्र और राज्य सरकार भी तभी सफल मानी जाती है, जब पंचायतें खुशहाल हों। ब्लाक प्रमुख शिवानी बिष्ट ने पत्रकार वार्ता में बताया कि ब्लाक में नई पहल शुरू की जाएगी, जो ग्राम पंचायत विकासपरक योजनाओं को मूर्तरूप देगी उस गांव के प्रधान को सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायतों की आवाज उठाने के लिए बीडीसी बैठक सशक्त माध्यम है, लेकिन बैठक में सभी सदस्य अपनी बात नहीं रख पाते हैं, इसलिए तय किया गया है कि सदस्य बीडीसी बैठक के 15 दिन पहले अपने गांव की समस्याओं लिखित रूप में देंगे।