भिलंगना ब्लाक के गोना गांव में स्थित मां ज्वाल्पा देवी भक्तों को आशीर्वाद देने के लिए छह साल बाद मंदिर से बाहर निकलीं। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने ढोल-दमाऊं और पूजा-अर्चना के साथ देवी के दर्शन किए। शुक्रवार को ज्वाल्पा देवी की डोली ने गोना गांव में घर-घर भ्रमण कर श्रद्धालुओं को दर्शन दिए। ग्रामीणों ने घर पहुंची देव डोली का भव्य स्वागत कर आशीर्वाद लिया।
गोना गांव स्थित मां ज्वाल्पा देवी मकर संक्रांति पर्व पर छह साल बाद भक्तों को दर्शन देने के लिए मंदिर से बाहर निकलीं। इसके साथ ही मंदिर में नौ दिवसीय मेले का आगाज हो गया। मां ज्वाल्पा के दर्शन के लिए दूर-दराज क्षेत्र से हर दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे। जहां रात को भव्य मेले का आयोजन किया जाता है। शुक्रवार से मां ज्वाल्पा की डोली ने ढोल-दमाऊं के साथ नौ दिवसीय भ्रमण भी शुरू किया। पहले दिन देव डोली ने गोना गांव का भ्रमण किया। इसके बाद डोली रात्रि विश्राम के लिए मंदिर पहुंची। देव डोली नौ दिन तक आस-पास गांवों का भ्रमण कर भक्तों को आशीर्वाद देगी। 24 जनवरी को मेले के समापन पर भव्य भंडारा भी लगाया जाएगा। इस मौके पर प्रधान पूरब सिंह, शंकर सिंह रावत, बसंत लाल, पूरब सिंह पंवार, प्रभु, मुकेश, प्रताप सिंह, राम सिंह और मंगल सिंह नेगी आदि मौजूद थे।