जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक लेते हुए टिहरी सांसद मालाराज्य लक्ष्मी शाह ने योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में निर्माणाधीन सड़क मार्गों को गुणवत्ता के साथ समय से पूरा करने के निर्देश दिए। ग्रामीणों की आजीविका संवर्द्धन के लिए उन्हें केंद्र पोषित योजनाओं के माध्यम से लाभांवित करने को कहा गया। सांसद ने केंद्र पोषित योजनाओं में सांसद का नाम शिलापट्ट पर अंकित न करने पर नाराजगी जताई।
सोमवार को जिला सभागार में दिशा की बैठक लेते हुए सांसद शाह ने पीएमजीएसवाई के तहत छतियारा-केपार्स, पिलखी-गौजियाणा-बणचुरी, सेंदुल-कोंति-बणगांव-किरेथ, बूढ़ाकेदार-रगस्या मोटर मार्ग की रिपोर्ट तलब की। उन्होंने कहा कि टास्क फोर्स के सदस्य निर्माणाधीन सड़कों का नियमित निरीक्षण करें। डीडीओ ने मनरेगा कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि वर्ष 2020-21 में 11458.10 लाख व्यय कर शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त किया गया है। कुल 3228 कार्य पूरे हुए, जबकि 7540 कार्य प्रगति पर हैं। डीएम इवा आशीष श्रीवास्तव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बैठक में दिए निर्देशों का कड़ाई से पालन कर आगामी बैठक में कार्य प्रगति की रिपोर्ट लेकर आएं। बैठक में सीडीओ अभिषेक रूहेला, पीडी डीआरडीए आनंद भाकुनी, सुनील कुमार, सीएमओ डा. सुमन आर्य, ब्लाक प्रमुख सुनीता देवी, शिवानी बिष्ट, प्रदीप रमोला, सीता रावत, चतर सिंह, जीतराम भट्ट, अबरार अहमद, अनुसूया नौटियाल, परमवीर पंवार आदि मौजूद थे।