{"_id":"572cd48e4f1c1b71275cd151","slug":"cracked-in-the-village-associated-with-heavy-rain-clouds","type":"story","status":"publish","title_hn":"तेज बारिश से जाड़ गांव में फटा बादल","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
तेज बारिश से जाड़ गांव में फटा बादल
अमर उजाला/नैनबाग (टिहरी)।
Updated Fri, 06 May 2016 10:59 PM IST
विज्ञापन
नैनबाग के सकलाना के जाड़गांव में बादल फटने से क्षतिग्रस्त हुई पैदल पुलिया।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
दो दिन पहले तक जंगलों में लगी आग से परेशान जौनपुर विकासखंड के गांवों में अब पहली ही बारिश ने कहर बरपा दिया। बृहस्पतिवार देरशाम भारी बारिश से जाड़ गांव में बादल फटने से व्यापक नुकसान हुआ है। बारिश से क्षेत्र में पैदल संपर्क मार्गों को जोड़ने वाली चार पुलिया बह गईं, जिससे गांवों का संपर्क कट गया। साथ ही कई खेत भी बह गए हैं। साथ ही इससे कई स्थानों पर पेयजल लाइनें और बिजली के पोल क्षतिग्रस्त हो गए। वहीं अत्यधिक बारिश से नकदी फसलों को भी भारी नुकसान हुआ है। पहली बरसात के कहर से क्षेत्र के लोगों में दहशत का माहौल बना रहा, इस दौरान लोगों ने घरों की छतों पर रात गुजारी।
विज्ञापन
धनोल्टी से सटे जौनपुर विकासखंड के सकलाना क्षेत्र में बीते बृहस्पतिवार को देरशाम भारी बारिश से व्यापक स्तर पर नुकसान हुआ है। जाड़ गांव में बादल फटने से सौंग और हेंवल नदी में बाढ़ की स्थिति पैदा हो गई, तेज बारिश से कई गांवों में लोगों के घरों में मलबा घुस गया। क्षेत्र के जाड़ गांव से सैण पटियों जाने वाले रास्ते पर पड़ने वाली पुलिया सिलवानी तोक पर बह गई। वहीं क्षेत्र में अन्य तीन पुलिया के बह जाने से गांवों का संपर्क कट गया है। जाड़ गांव के प्रधान ओंकार सिंह ने बताया कि भारी बारिश से मलबा घुस गया, पेयजल लाइनें बह गई, जिससे गांव में पानी का संकट गहरा गया है। सत्यों के पंचायत मंत्री अनिल कुमार ने बताया कि नुकसान की सूचना मिलने पर मौका मुआयना किया गया। नुकसान की रिपोर्ट तैयार कर जिला प्रशासन को भेजी जाएगी।
विज्ञापन