टिहरी बांध प्रभावित क्षेत्र प्रतापनगर और उत्तरकाशी जिले की गाजणा पट्टी के लोगों के लिए निर्माणाधीन डोबरा-चांठी पुल का लोनिवि के सचिव आरके सुधांशु ने निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को 15 सितंबर से पूर्व सभी तरह के कार्य पूरा करवाने के निर्देश दिए। कहा कि बारिश के मौसम में शेष कार्य करने में कठिनाईयां आ सकती हैं। ऐसे में युद्ध स्तर पर बचा हुआ कार्य पूरा करें।
निरीक्षण के दौरान सचिव सुधांशु ने प्रोजेक्ट मैनेजर और ईई एसएस मखलोगा से डोबारा-चांठी पुल निर्माण की तकनीकी जानकारी ली। ईई ने उन्हें बताया कि वर्तमान में मास्टिक (डामर) बिछाने का कार्य अंतिम चरण में है। मेन पुल पर मास्टिक बिछ चुकी है। निर्माण एजेंसी दिनरात मेहनत कर कार्य पूरा कर रही हैं। डामर बिछाने के बाद प्रोफाइल करेक्शन का कार्य किया जाएगा। इसके बाद वाहनों का ट्रायल शुरू करेंगे। अगस्त माह के अंत तक यह सभी कार्य पूरा होने की उम्मीद है। पुल बनने से प्रतापनगर क्षेत्र के लोगों को जिला मुख्यालय नई टिहरी पहुंचने में 50 किमी तक की कम दूरी तय करनी पड़ेगी। उन्हें ऋषिकेश और देहरादून जाने में भी समय की बचत होगी। सचिव ने लोनिवि के अधीक्षण अभियंता एनपी सिंह को पुल के अंतिम चरण की मॉनीटरिंग नियमित रूप से करने को कहा। इस मौके पर लोनिवि के विभागाध्यक्ष हरिओम शर्मा, ईई केएस नेगी, एनएस खोलिया, एई विवेक कुमार, अपर सहायक अभियंता प्रमोद नेगी, बृजेश अंथवाल उपस्थित रहे।