मुख्यमंत्री के प्रमुख सलाहकार डा. आरवीएस रावत ने अधिकारियों की बैठक लेते हुए उनके क्षेत्र भ्रमण के दौरान जन प्रतिनिधियों की ओर से उठाई गई समस्याओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि बड़ी योजनाओं के बजाए जल्द पूरी होने वाली छोटी योजनाओं को प्राथमिकता देकर उन्हें समय से पूरा करें। उन्होंने ऊर्जा निगम को जर्जर विद्युत लाइनों की जल्द मरम्मत करने के निर्देश दिए।
सोमवार को जिला सभागार में आयोजित बैठक में डा. रावत ने डीएम इवा आशीष श्रीवास्तव को निर्देश दिए कि कोरोना की तीसरी संभावित लहर को देखते हुए स्वास्थ्य संबंधी सभी तैयारियां पूरी करें। सीएमओ डा. सुमन आर्य को मानव और स्वास्थ्य संबंधी संसाधनों के उपयोग की प्लानिंग करने के निर्देश दिए गए। ऊर्जा निगम के ईई राकेश कुमार ने बताया कि अलमस में करंट से मरने वाले कुंवर सिंह के परिजनों को आवश्यकता होने पर विभागीय कांट्रेक्टर के अधीन नौकरी दी जाएगी। प्रमुख सलाहकार ने अलमस गांव में लगा ट्रांसफार्मर तत्काल शिफ्ट करने को कहा। जल संस्थान और जल निगम के अधिकारियों को जेजेएम के तहत 346 योजनाओं की डीपीआर 15 जुलाई तक पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में सीडीओ नमामि बंसल, पीडी-डीआरडीए आनंद सिंह भाकुनी, डीडीओ सुनील कुमार आदि मौजूद थे।