जिलाधिकारी इवा आशीष श्रीवास्तव ने विधानसभा चुनाव की मतगणना को लेकर अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में जिले की सभी छह विधानसभा क्षेत्र की मतगणना के लिए पोस्टल बैलेट, ईटीपीबीएस और ईवीएम के लिए मतगणना टेबल, मैनपावर, ट्रेनिंग, आईडी कॉलर कोड पर चर्चा की गई। डीएम ने बताया कि ईवीएम/वीवीपैट की मतगणना के लिए प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 14-14 टेबल लगाई जाएंगी। कोविड प्रोटोकॉल को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक हॉल में 7-7 टेबल लगाई जाएंगी।
डीएम इवा ने बैठक लेते हुए कहा कि आईटीआई नई टिहरी में सभी छह विधानसभा क्षेत्रों की मतगणना की जाएगी। मतगणना की वीडियोग्राफी के लिए चार-चार वीडियोग्राफर, विधानसभावार के मतगणना हॉल में ब्लैकबोर्ड, कार्मिकों की ट्रेनिंग के लिए सामग्री की व्यवस्थाएं करने, दो मार्च को मतगणना कार्मिकों का रेंडमाइजेशन (जांच), पांच मार्च को मतगणना कार्मिकों को पहली ट्रेनिंग और नौ मार्च को दूसरी ट्रेनिंग दी जाएगी। बताया कि ईवीएम/वीवीपैट की मतगणना के लिए 14-14 टेबल लगाई जाएंगी। पोस्टल बैलेट और ईटीपीबीएस (इलेक्ट्रॉनिक बैलेट पेपर) की मतगणना के लिए प्रत्येक विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के लिए अलग से 4-4 टेबल लगाई जाएंगी। डीएम ने पोस्टल बैलेट की मतगणना ट्रेनिंग एसडीएम टिहरी, ईवीएम की मतगणना ट्रेनिंग अधिशासी अभियंता जल संस्थान, ईटीपीबीएस की मतगणना ट्रेनिंग एडीएम व डीआईओ एनआईसी देंगे। बताया कि विधानसभा क्षेत्र घनसाली के मतगणना कार्मिकों का आईडी कोड कलर पीला, देवप्रयाग का हरा, नरेंद्रनगर का लाइट आसमानी नीला, प्रतापनगर का लाल, टिहरी का गुलाबी और धनोल्टी का बैंगनी कलर का होगी। इस मौके पर सीडीओ/नोडल पोस्टल बैलेट नामामी बंसल, एडीएम रामजी शरण शर्मा, डीडीओ सुनील कुमार, एसडीएम टिहरी अपूर्वा सिंह, नरेंद्रनगर देवेंद्र सिंह नेगी, घनसाली केएन गोस्वामी, देवप्रयाग सोनिया पंत, प्रतापनगर प्रेमलाल, धनोल्टी लक्ष्मीराज चौहान, डीएसटीओ निर्मल कुमार शाह, सीवीओ एसके बर्तवाल, डीईओ एनआईसी सौरभ रतूड़ी और ईई जल संस्थान सतीश चंद्र नौटियाल आदि मौजूद थे।